शुक्रवार, 10 दिसंबर 2010

राजो नहीं, रजनी सरदेसाई !

कहानी 
*दिलीप तेतरवे            
उस रात मैं सो नहीं पाया. करवटें बदलता रहा. बार-बार मेरी आँखों में उस भोली सी लड़की का रोना और सिसकना याद आता रहा. कितनी लाचार सी दिखी थी वह...शब्दों में इसका वर्णन करना मुझे आज भी  मुश्किल लगता  है. बस मेरा दिल उसके दिल की हालत को महसूस कर रहा था. बड़ी मुस्किल से उसको  अँधेरे  में एक कतरा रोशनी दिखी थी, उसे भी प्रज्ञा ने छीनने की कोशिश  की थी. एक लड़की, दूसरी लड़की को तबाह करने के लिए  इतना गिर सकती है, यह मैंने नहीं सोचा था. चाहता तो प्रज्ञा को सबक सिखा सकता था, लेकिन इस प्रयास में उस मासूम के लिए और संकट बढ़ जाने के असार थे. सो, मैंने तय किया कि उस मासूम के लिए गम पी लूँ, हालाँकि यह जहर पीने से भी मुश्किल  काम था. पर जीवन में ऐसा भी देखना लिखा था सो देख ही लिया. इन्हीं सब चीजों से तो जिन्दगी जिन्दगी बनती है.
       "राजो, तुम को बस एक वर्ष से भी कम का इंतजार करना है. जैसे मैंने अपने आप को समेट लिया है, उसी तरह सब कुछ  भूल कर अपनी मंजिल की ओर बढ़ चलो. जो कुछ प्रज्ञा ने किया उसे बस एक बुरा सपना मान कर भूल जाओ."  
      राजो  ने मेरी बात का कुछ भी जवाब नहीं दिया. मैं जनता हूँ कि उसको अपनी फ़िक्र नहीं है. उसे फिक्र है मेरी प्रतिष्ठा की. यह मान-प्रतिष्ठा भी बड़ी अजीब चीज होती है. लोग इसके लिए न जाने कितना अर्थ-अनर्थ कर जाते हैं. लेकिन राजो के आसुओं की कीमत के सामने मेरी मान-प्रतिष्ठा का कोई मूल्य नहीं था. उसके आंसू सच्चाई की गंगा-सी थी...पवित्र...निष्कपट...दिल से निकल कर आँखों से बहती....
       " राजो, यह दुनिया बहुत बड़ी है और मेरी अपनी दुनिया भी बहुत बड़ी है. मैं अपनी दुनिया में खुश  हूँ. यहाँ हजारों जाने-अनजाने लोग मुझे प्यार करते हैं. तुम एक प्रज्ञा की तिरिया-कर्म से क्यों परेशान हो रही हो? उसे सजा मिलेगी और जरूर मिलेगी..." मेरी बात सुन कर वह दूर कहीं देखने लगती और कोई जवाब नहीं देती.
                    वर्षों बाद, एक सन्देश मेरे ई-मेल पर आया- "पापा, आपकी राजो आ रही है...अब लन्दन में मुझे नहीं रहना....सदा के लिए भारत आ रही हूँ...मुझे खिचड़ी खाने का बहुत मन करता है. साथ में चटनी हो तो और अच्छा. और अगर साथ में, आलू का चोखा हो तो फिर से पुराने दिन लौट आयेंगे....."
          मैं सोचने लगा कि एक वक्त था, जब राजो किसी तरह अपने लिए दो रोटियों  का जुगाड़ कर पाती थी. अगर कुछ जुगाड़ न हो पाता तो पानी पी कर ही सो जाया करती थी. और आज जब उसके पास सब कुछ है, वह लन्दन छोड़ कर भारत आ रही है और खिचड़ी खा कर पुराने दिनों को याद करना चाहती है, उन दिनों को याद करना चाहती है, जो उसे दिल से रुलाते थे, सताते थे....आखिर क्यों? 
            रोजो को अक्सर भूखे रहना पड़ता था. लेकिन, वह कभी अपने भूखे होने की बात मुझको नहीं बताया करती थी. पर मैं उसका चेहरा पढना जान गया था. वह जब भी मेरे घर आती और कहती आज मैं दो घंटे आपसे पढूंगी, आपको मेरे लिए समय है, पापा? तो मैं उसके चेहरे से अंदाज लगा लेता कि वह भूखी है."....और मैं झूठ बोलता,"बेटे कल रात देर से सोया. सुबह देर से उठा. सो अभी तक खाना नहीं बनाया है. ऐसा करो कि खिचड़ी चढ़ा दो, दोनों बाप-बेटी आज खिचड़ी, चटनी और आलू का चोखा खायेंगे और पढना-पढ़ाना भी होगा." 
         मेरे ऐसा कहने पर वह मेरा भी चेहरा पढने की कोशिश करती. शायद, उसे लगता कि मैंने जान लिया है कि वह भूखी है. उसके शक को दूर करने के लिए मैं उसे कहता," बेटे राजो, तुम्हारा चेहरा कुछ भी नहीं बोलता है. तुम अपने दिल की बातों को दिल में ही कैद रखती हो. लेकिन, यह अच्छी बात नहीं है." वह मुस्कुरा देती और कहती," दिल में कोई बात हो तभी तो वह चेहरे पर दिखेगी, पापा?" मैं ठहाके लगता और वह मुस्कुरा देती अपनी  इस जीत पर कि उसने मुझे बहला दिया है.
         और जब वह खिचड़ी थाल में लेकर आती और कहती कि पहले आप खालें फिर मैं खाऊँगी, तो मुझको लगता इस छोटी सी उम्र में इस लड़की में ईश्वर ने कितना धैर्य दिया है. मैं जल्दी-जल्दी गरम खिचड़ी खाने लगता, जीभ जलने का डर-भय छोड़ कर, ताकि राजो जल्दी से खिचड़ी खा कर मेरे सामने संतुष्ट हो जाए. मैं खा लेता फिर भी वह अपने लिए खिचड़ी परोसने  में कोई जल्दीबाजी नहीं करती थी. 
       राजो लन्दन से आयी. उसमे कोई परिवर्तन नहीं हुआ था. दस साल बीतने का कोई खास चिन्ह उसके चेहरे पर नहीं थे. उसने आते ही चौका सम्हाल लिया और खिचड़ी तैयार हुई. हमने खिचड़ी का भोग लगाया.
       राजो  ने मुझसे कहा," पापा, मैंने यहाँ एक कंपनी खरीद ली है. आज मैं आपके साथ वहाँ जाउंगी. चलिए तैयार हो जाईये. मैं तैयार हो गया. घर से बाहर निकला तो देखा कि घर के आगे एक नीले रंग कि फोर्ड कार लगी है.
        " यह किसकी है? इसे यहाँ कौन खड़ी कर गया है?"
        " यह कार आपकी है पापा....आपकी...."
        मै राजो का मुह देखता रह गया. मैंने देखा कि सफ़ेद वर्दी में कार  का ड्राईवर कार के दरवाजे खोल  कर खड़ा है. मैं राजो के साथ उसकी  कंपनी चल पड़ा. कंपनी का भवन बहुत ही विशाल था. मुख्य दरवाजे से अंदर प्रवेश करते हुए, लाबी में हम दोनों पहुंचे. वहां रेसेप्सनिस्ट फोन पर बता रही थी," अरे यार, आज मेरी कम्पनी कि नई मालकिन आ रही है, रजनी सरदेसाई, उसकी स्वागत की तैयारी पूरी कर ली है. अब उनके पी.ए. से संपर्क कर उनके यहाँ आने की सूचना मांगने जा रही हूँ, सो बाय..बाय...और उसने पलट कर हम दोनों की ओर देखा और वह बोल पड़ी, "अरे तुम, राजो?"
        राजो ने कहा,"प्रज्ञाजी, राजो नहीं, रजनी सरदेसाई!"
             
       
           
   
          
          

गुरुवार, 11 नवंबर 2010

कम्बल

 कम्बल
    उस मैदान में हर रोज सुबह-सुबह अनेक वृद्ध  लोग जुटते और एक दूसर से गले मिल कर समवेत स्वर में ठहाके लगाते. उन ठहाकों के बीच, शायद वे अपने दुःख दर्द को, अपनी लाचारगी को, अपनी स्थाई हो चुकी बीमारियों को भूल जाने का प्रयास करते थे. मैं हर दिन उनकी गतिविधियों को देखता और कभी कभी उनके इतने पास बैठता कि उनकी बातों को भी सुन सकूँ-
      -अरे विश्वास बाबु, मैं आर्मी में  कप्तान  था, लेकिन  अपने घर में मुझको  सैनिक का भी रैंक नहीं प्राप्त है, हा, हा, हा, 
      - कप्तान साहब, तुम हंस रहे हो पर मैं जानता हूँ कि तुम रो रहे हो. खैर,  मैं भी जब नौकरी में आया था तो सोचता था कि अब मैं दुनिया का मालिक हूँ और अपने परिवार का मैं राजा हूँ. आज भी मैं परिवार के  साथ हूँ, पर मैं आज राजा नहीं हूँ, मैं रंक हो गयाहूँ. आज मैं अपने ही बनाये घर के बाहरी  बरामदे में सिमट कर रह गया हूँ. अपना कहने के लिए कुछ भी नहीं है.    
            -अरे विश्वास बाबु, मेरी  दास्ताँ भी सुनिए. जब मैं विदेश से लौटता था तो परिवार के जो लोग एअरपोर्ट पर मेरे लिए गुलदस्ता लेकर खड़े रहते थे, हाथ में पट्टियां लिए रहते थे-'वेलकम टू  आवर गौड श्रीनिवास', और साथ  ही  मन ही मन  हिसाब लगाने की चेष्टा करते थे कि मेरी जेब से इस ट्रिप में  वे कितना पैसा पा सकेंगे. लेकिन, अब वे लोग  मुझे देख कर आँखें फेर लेते हैं.
       -अरे आप लोग इस राजा देवेन्द्र की कहानी भी सुनो- आज  पोते बिट्टू ने मुझका मेरे बेटे अजीत के कुछ दोस्तों के सामने बहुत लताड़ा- 'दादा तुम्हारा अपना घर नहीं है, जो तुम हमलोगों के घर हर साल आ धमकते हो और महीनों यहाँ टिक जाते हो. मेरे स्टडी रूम में अपना बिस्तर लगवा लेते हो. मुझको  कितनी तकलीफ होती है.  क्या  आपको नहीं मालूम  कि जब आप अपने यहाँ आने की खबर भेजते हैं, तो मम्मी और पापा में कितना झगड़ा होता है.  बोलो  दादा, तुम अपने घर कब वापस जाओगे?
        -अरे, जनाब इस नाचीज की राम कहानी भी सुन लीजीए, एकदम लैटेस्ट है. कल शाम बड़ी हिम्मत कर मैंने अपने  दोस्त नदीम को अपने घर बुला लिया था. लॉन में  किनारे पड़ी कुर्सियों पर बैठ कर, नदीम के साथ मैं गपिया रहा था. नदीम अपने  शेर बीच-बीच में सुनता और ठहाके लगता. उसने जवानी के दिनों को याद करते हुए कहा- अरे जनाब नाचीज, वो तुम्हारी शबनम थी न, उसका क्या हाल है ?.... मैंने तभी देखा कि मेरी हिटलर बहूरानी लॉन में ही मटरगश्ती कर रहीं हैं, सो मैंने उससे कहा कि छोड़ यार अब उन पुरानी बातों को, लेकिन वह 
 मानने वाला कहाँ था ? उसने तुरंत  ठहाका लगाते हुए कहा, ले अबकी सुन तूं अपना एक शेर, जो तू शबनम के लिए लिखा करता था- 
मेरे दिल-ए-नाचीज को भुला जाइयेगा/साथ गुजरे हुए वो दिन वो रातें भुला जाइएगा/...... बस बवाल हो गया...बहू रानी ने करीब आ कर नदीम के बारे में पूछा कि यह कौन बदतमीज है ? मैंने हिम्मत कर के कहा, यह मेरे बचपन के दोस्त हैं नदीम, आईजी  के पोस्ट से रिटायर हुए हैं...लेकिन हिटलर बहू रानी ने तो हद पार कर दी- ये नदीम हों या सदीम,  इनको तुरत यहाँ से दफा कीजिए.....बेचारे नदीम साहब तो बिना कुछ बोले ही चलते बने....और मैं सिर झुकाए सर्वेन्ट्स क्वार्टर में मुह छिपाने चला गया. 
            ये वृद्ध जन बहुओं और बेटों की बेरुखी,  बदतमीजी,  झूठ, डांट-फटकार से सदा घर में भयभीत रहने वाले लाचार प्राणी थे. वे सुबह-सुबह मैदान में बड़ी कठिनाई से आते थे. उनका स्वास्थ्य भी उनका साथ नहीं देता था, फिर भी वे अपनी ह्रदय की पीड़ा बाँटने, अपना अकेलापन दूर करने,  पैर घसीटते -घसीटते,  मैदान में पहुँच जाते थे.  
        उन दिनों  कड़ाके की  ठण्ड पड़ रही थी. मैं मैदान में जागिंग कर रहा था. मुझको वृद्ध लोगों  की टोली फिर ठहाके लगाती दिखी. लेकिन, उन वृद्ध जानो में एक वृद्ध विश्वास बाबु ठहाके लगाते लगाते रोने लगे. सारे वृद्ध जनों ने उनको घेर लिया-
         -क्या बात है विश्वास बाबु, क्या बेटे ने या बहु ने कुछ कह दिया?
        -क्या आपके बेटे ने आपके लिए नया कम्बल ला कर नहीं दिया ?
       सिसकियों के बीच विश्वास बाबु ने बताया, 'चार दिनों से बहु से छिपा कर, बेटे श्रवण  से कर रहा था कि बरामदे में मुझ ठण्ड लगती और मेरे पास एक ही पुरानी कम्बल है, वह  एक नयी कम्बल मेरे लिए ला दे. श्रवण रोज कहता कि आज ला दूँगा , आज ला दूंगा, लेकिन कभी लाता नहीं था. कल शाम जब मैं अपने बिस्तर पर  उकडू बैठा था तो श्रवण की आवाज सुनाई दी, देखिये पापा क्या खरीद कर लाया हूँ....उसके हाथ में एक बड़ा सा कैरी  बैग था....मुझे लगा कि वह मेरे लिए नयी कम्बल लाया है...मैंने  श्रवण के हाथ से कैरी बैग ले कर खोला....जानते हो उस कैरी बैग में क्या था ?'  
        सबने पूछा,' कैरी बैग में क्या था विश्वास बाबु ?'
        विश्वास बाबु ने अपनी आँखों से बहती आंसुओं की धारा को पोछा और कहा,'उसमें  श्रवण के प्यारे कुत्ते डूजो के लिए एक महंगी कोट थी. मैं उस कोट को देख कर आवाक रह गया. मैं समझ नहीं पा रहा था कि मैं हंसू कि रोऊँ. लेकिन , श्रवण ने  बिना किसी हिचक के कहा- पापा, आपने जब बताया कि आपको एक कम्बल से जाड़ा  नहीं जाता तो मुझे लगा कि बेचारा बेजुबान कुत्ता डूजो भी तो बरामदे में ही सोता है, उसको कितना जाड़ा लगता होगा, सो आज उसके लिए यह कोट ले आया, सिर्फ दो हजार की है और यह कह कर वह अपने एअर कंडीशंड कमरे में चला गया!'






   

गुरुवार, 4 नवंबर 2010

दस्तूरी मल ईमानदार

हास्य एकांकी
*दिलीप कुमार तेतरवे 
पात्र:
१. दस्तूरी मल ईमानदार-कार्यालय हेड
२. लपक लाल-लीपिक
३.गरीब दास- निगरानी विभाग का इंस्पेक्टर
४. कविता देवी- निगरानी विभाग की सब-इन्स्पेक्टर




(स्थान: कार्यालय.....क्रिकेट कमेंट्री की आवाज)

दस्तूरी मल ईमानदार: अमां यार लपक लाल,  क्या स्कोर हुआ....चिकनों ने रन बनाये  या आया राम गया राम हो रहे हैं, ईमानदारी से ?

गरीब दास: सर, पहले मुझको तो बताएं कि मेरा काम कब होगा?

 दस्तूरी मल ईमानदार: अरे जनाब गरीब दास, आप कार्यालय की मर्यादा  को समझते नहीं क्या? शोर मचाए चले जा रहे हैं कि काम कब होगा ...काम कब होगा...जरा सब्र कीजीए .....देखते नहीं कि भारत की टीम का कितना खस्ता हाल है ? आपमें ज़रा भी राष्ट्र प्रेम नहीं है.....

गरीब दास: सर, कार्यालय में क्रिकेट कमेंट्री सुनना....

दस्तूरी मल ईमानदार: खबरदार, इस तरह की बात कर, आप एक सेवक को अपना काम करने से रोक रहे हैं. आप बैठिये, मेरे फ्री होने का इन्तजार कीजीए, जब मैं फ्री होता हूँ, तब  मैं आपसे बात करूंगा ....हाँ, तो लपक लाल जी , क्या हाल है चिकनों का ?

लपक लाल: दस्तूरी जी, दो तो लपके गए और दो जूझ रहे हैं....रन नहीं बना रहे हैं...गर्मी भी बहुत है फील्ड पर....

दस्तूरी मल ईमानदार: अरे जनाब लपक लाल जी, ये चिकने मैदान में  ज्यादा पसीना बहायेंगे तो फिर विज्ञापन के लिए उनका चेहरा खराब हो जाएगा...रात  की पार्टी में भी कोई उनको  घास नहीं  डालेगी, ईमानदारी से....हा, हा, हा........

लपक लाल: अरे जनाब बालर सुरिंदर  का तो इसी शहर की एक हसीना से इश्क चल रहा है....

 दस्तूरी मल ईमानदार: तब तो उस पठ्ठे को तो चौवा - छक्का जड़ना चाहिए, ईमानदारी से....हा,हा,हा........खैर. छोड़िए इन बातों को और बताएं कि फ्री- पास का जुगाड़ होगा कि नहीं, ईमानदारी से...
गरीब दास: सर, सर वन मिनट प्लीज,  इस गरीब दास का काम कब तक होगा ?

दस्तूरी मल ईमानदार: अरे कबाब में हड्डी गरीब दास जी, आपका काम तब होगा, जब आप हमलोगों के लिए अमीर दास बन जायेंगे, ईमानदारी से, (सभी कर्मचारियों की हँसी का समवेत स्वर)....

लपक लाल: दस्तूरी मल ईमान्दार जी, इस गरीब दास जी को अब तक दस्तूरी का डीटेल दिया कि नहीं?

दस्तूरी मल ईमानदार: अरे लपक लाल जी, ये गरीब दास जी ज़रा ओल्डी टाईप के आदमी लग रहे हैं...फ़ोकट में मेरा टाईम चबा जाना चाह  रहे हैं...अरे मेरे टाईम का कुछ  भैल्यू  है कि नहीं, ईमानदारी से.....हा,हा, हा....

लपक लाल: अरे गरीब दास जी, ज़रा अमीरी दिखलायें  और पांच हजार रुपए की छोटी सी रकम फ़ौरन दस्तूरी वाले  डब्बे में डाल दीजीए.....उधर बाहर बरामदे में जो सडैला  डब्बा दिख रहा है न, वही है हमारा  दस्तूरी का डब्बा  ..... समझे बरखुरदार गरीब दास जी...

गरीब दास: अरे अरे अरे ये क्या कह रहे हैं आप.... लपक लाल जी आप तो घूस लपकना  चाह रहे हैं. यह तो कोई अच्छी बात नहीं है न...यह तो कानूनी रूप से भी अपराध   है.

दस्तूरी मल ईमानदार: ज़रा शर्म कीजीए गरीब दास जी, मेरे सामने घूस शब्द बोलने की आपने हिम्मत कैसे की  ?  मैं आपकी रिपोर्ट अभी के अभी निगरानी विभाग में कर दूंगा और आप छह साल के लिए जेल पहुँच जायेंगे, ईमानदारी से...बड़ा आये है, दस्तूरी मल  ईमानदार को घूस देने वाले....शर्म कीजीए, शर्म कीजीए, ईमानदारी से....गरीब दास जी, मेरे माँ-बाप ने मेरा नाम यूँ ही नहीं रखा था दस्तूरी मल ईमानदार....जो करता हूँ दस्तूरी ले कर करता हूँ और ईमानदारी से करता हूँ.....और आप एक ईमानदार आदमी के साफ़ सुथरे चरित्र पर ऊंगली  उठा रहे हैं......ईमानदारी से.....

गरीब दास: मेरे कहने का मतलब....

लपक लाल: (बीच में टोकते हुए)बस,बस, बस, गरीब दास जी, अब आप हमलोगों को और खाश कर इस नाचीज लपक लाल को अपने कहने का मतलब बताने की जुर्ररत  करेंगे ? अरे ये हम ही हैं जो बता सकते हैं कि  कानून या प्रावधानों का अर्थ क्या है...आप न तो तीन में हैं न तेरह में ....अब आप हमलोगों को किसी चीज का अर्थ बता कर, हम लोगों का मिजाज मत खराब  कीजिए.....

दस्तूरी लाल ईमानदार:अरे, अरे,आप तो  गजब ढा रहे हैं गरीब दास जी, मुझको आपसे ऎसी उम्मीद नहीं थी, ईमानदारी से...अरे लपक लाल जी ने तो आपको दस्तूरी जमा करने का तरीका बता दिया, बिना खाए पीए और आप हैं जो घूस मांगने का इल्जाम लगा रहे हैं. आप जैसे लोग अहसानफरामोश होते हैं, यह मुझे मालूम है, ईमानदारी से....

गरीब दास: क्या दस्तूरी में पांच हजार रुपया मांगना गुनाह नहीं है ?

दस्तूरी मल ईमानदार: अब आप आए रास्ते पर.....हाँ,  हाँ, दस्तूरी लेना कोई गुनाह नहीं है.....मैं आपके घर जाऊं   और कहूँ कि  आप अपने कुएँ से पचास  बाल्टी पानी भर दें, हम स्नान करेंगे, तो मैं बताता हूँ कि  आप मुझे लाठी मार कर भगा देंगें......,क्यों लपक लाल जी मैं ठीक बोल रहा हूँ न, ईमानदारी से ?

लपक लाल: चकाचक जी, बिल्कुल ठीक बोल रहे हैं दस्तूरी मल ईमानदार जी....दस्तूरी लेना कोई गुनाह नहीं है...

गरीब दास: आप लोग मुझको मूर्ख समझ रहे हैं क्या?

दस्तूरी मल ईमानदार: इसमें समझने की क्या बात है, ईमानदारी से...(समवेत हंसी)....अरे गरीब दास जी, यह काम करने वाला कार्यालय है....कोई खैराती कार्यालय नहीं....ज्यादा देर करेंगे, तो अभी जो  छूट हम दस्तूरी पर दे रहे हैं, उसे हम अभी का अभी वापस ले लेंगे, ईमानदारी से ?

लपक लाल: देखो भाई दस्तूरी मल ईमानदार जी, हम गरीब दास जी की बक-बक सुन कर परेशान हो गए हैं, सो हम अभी का अभी छूट वापस ले रहे हैं...(पुकारते हुए) अरे गरीब दास जी...

गरीब दास: जी, लपक लाल जी, मैं आपकी बात सुन रहा हूँ , कहिये...क्या कहना है आपका ?

लपक लाल: अब आपको पांच हजार की जगह दस हजार देना होगा दस्तूरी में, चकाचक जी...

गरीब दास: यह तो आप लोग मुझपर जुल्म कर रहे हैं....मैं एक गरीब आदमी हूँ और मैं कानूनी रूप से एक सही काम करवाने आया हूँ ,जिसे करना आप लोगों की  जिम्मेदारी है......है कि नहीं दस्तूरी मल ईमानदार जी?

दस्तूरी मल ईमानदार: बिलकुल ठीक कहा आपने गरीब दास जी ,ईमानदारी से...यह हमलोगों की जिम्मेदारी है, तभी तो आप मेरे पास यह काम करवाने आए हैं.....चूँकि यह काम बिल्कुल जायज है, इसलिए ही हमने भी तो बड़ी ईमानदारी से दस्तूरी माँगा है, दस हजार रुपए, ताकि हम अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभा पाएं, है कि नहीं लपक लाल जी?

(कविता देवी का प्रवेश.....पायल की छम-छम के साथ)
लपक लाल: दस्तूरी मल ईमानदार जी, यह लो भैया एक और बला आ गयीं हैं, कविता देवी जी....

कविता देवी: आई तो थी मैं अपने काम से, लेकिन लगता है कि लपक लाल जी कविता सुनने-सुनाने के मूड में हैं, तो पेश है- मैं अबला नहीं बला हूँ/ बिना काम हुए  कभी नहीं टला हूँ...कुछ और पेश करूँ?

दस्तूरी मल ईमानदार: नहीं, नहीं आज के लिए इतना ही काफी है, कविता देवी जी...आप अगली कविता बिना  सुनाए, दस्तूरी मनी को दस्तूरी डब्बे में झट-पट डाल दें, अपने नाम के चुटके के साथ...बस तीसरे दिन आपके काम को हम फ़ौरन कर देंगे, ईमानदारी से....

कविता देवी: अरे दस्तूरी लाल ईमानदार जी, मैं तो दस्तूरी मनी  उस सड़ेला डब्बे में डालती हुई, आपके दरबार में आई हूँ चहकती हुई....

गरीब दास: मैं भी डाल दे रहा हूँ दस्तूरी आपके प्यारे दस्तूरी डब्बे में, लेकिन मैं पांच हजार ही डालूँगा, चलेगा कि नहीं....और नहीं चलेगा तो, मैं चला....

दस्तूरी लाल ईमानदार: अरे गरीब दास जी, आज के दिन मैं आपको निराश नहीं करूगा, ईमानदारी से, कदम बढाएं और डब्बे में दस्तूरी डाल दें और फटाफट-सटासट  खिसक लें यहाँ से....

कविता देवी: अरे मैंने  अर्ज किया है-(गाती  हुई)  डब्बे में पड़ी गड्डियाँ कहीं पतली न हों/ उनमें  कहीं नोट नकली न हों/ आज कल तो आदमी भी नकली होते हैं/ हर चेहरे पर मुखौटे चिपके होते हैं/  कब न जानें  सांप मिल जाएं आस्तीन में/शरीफ  लोग नोट गिन कर रखते  हैं जेब में/....

दस्तूरी मल ईमानदार: कविता देवी जी, आप सौ प्रतिशत ठीक फरमाती हैं....(मोबाइल पर  नम्बर   डायल  करता है) ....अरे दसनम्बरी, दो बण्डल पांच-पांच हजार के हैं, जल्दी चेक कर ले, ईमानदारी से.....(मोबाईल आफ करता है).... हा,हा,हा, हमारा दस्तूरी लेने का सिस्टम बिल्कुल फुलप्रूफ है...जेम्स बांड भी हमारे इस सिस्टम को जान कर चकरा  जायेगा, ईमानदारी से.....

कविता  देवी: एक लेटेस्ट इसी पर सुन लें- हमें तो लूट लिया मिल के  ईमानदारों ने/गोरे गोरे लपक ने, काले काले दस्तूरी ने/हमें तो लूट लिया मिल के दस्तूरी वालों ने...हमें तो लूट  लिया मिल के ईमानदारों ने..... 
दस्तूरी मल ईमानदार: कविता जी बस, बस,बस, मान लिया कि आप अच्छा गाती हैं, ईमानदारी से... और अब आप कविता जी और गरीब दास जी अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान करें...अब हम यहाँ अपना दरबार लगायेंगे, ईमानदारी से....माल पत्तर बांटेंगे ईमानदारी से....

गरीब दास: दस्तूरी मल ईमानदार जी और लपक लाल जी....इस बार तो हम आप दोनों को अपने साथ ले कर यहाँ से जाने वाले हैं, ईमानदारी से...

कविता देवी: क्या बताएं क्या गुजरेगा  आप पर हमारी बहादुरी से /आप दोनों पकड़े गए  हैं घूस लेते रंगे हाथ, ईमानदारी से ? 

दस्तूरी  मल ईमानदार:अरे आप दोनों यह कैसी-कैसी अशुभ  बातें कर रहे हैं, ईमानदारी से.....ये घूस-वूस क्या होता है ? ये रंगे हाथ का क्या है खेल ? हाथ हमारे तो हैं साफम-साफ़, ईमानदारी से....  

गरीब दास और कविता देवी का समवेत स्वर: हम लोग निगरानी  विभाग के अधिकारी हैं, ईमानदारी से....हम लोगों ने आपके दसनम्बरी को भी गिरफ्तार कर लिया है, ईमानदारी से!

दस्तूरी मल ईमानदार: ईमानदारी से, चल लपक लाल अब जेल, वहीँ निकलेगा अपनी किस्मत का तेल.....
 लपक लाल:डब्बेदार दस्तूरी का सिस्टम हुआ फेल/सुनलो भ्रष्टाचारी से कभी न करना मेल... 

शनिवार, 2 अक्टूबर 2010

मेरे मन की खिडकी

मेरे मन  की खिडकी
(उपन्यास अंश)
दिलीप तेतरवे

      बहुत सारी कुंठाओं और वर्जनाओं  से वह घिरा हुआ था....जीवन के प्रारंभ में समाज ने उसे इतना अपमान दिया था कि उस अपमान को  कलम से उकेरा नहीं जा सकता...... उसने गरीबी ही हद देखी थी. बाद में, गरीबी से उबरने के लिए उसने अपने आप को तैयार किया था. उसने वह रास्ता जान लिया था, जिस पर चल कर वह समाज को सजा दे सकता था. वह भी अमीरों की  तरह  रह  सकता था. सिर उठा कर चल सकता था. लेकिन कौन जानता  था कि जिस रास्ते पर वह चल पड़ा है, वह उसे एक दिन तन्हा कर जायेगा...तड़पायेगा ...रुलाएगा..उसे उसका भूतकाल डराएगा....धमकाएगा...और वह एक दिन अपने बीते हुए दिनों  से भागने के लिए छटपटायेगा  ....लेकिन, शायद वह कभी अपने भूतकाल से  पीछा नहीं छुड़ा पायेगा......
           रविराज आकुल-व्याकुल था," ओ माँ! मैं सोना चाहता हूँ...आई वांट तो स्लीप...मुझको नींद चाहिए...देखो माँ, मैंने सोने की तैयारी कर ली है...सारे दरवाजे बंद कर लिए हैं....सारी खिड़कियाँ बंद कर लीं हैं...बिस्तर भी सजा लिया है...पर नींद क्यों नहीं आती, माँ ? उफ़ ! मेरा सिर फटा जा रहा है....मैं पागल हो जाऊंगा....हाय! यह बुढ़ापा ....यह अकेली हांफती-कांपती ज़िंदगी, नींद की भीख मांग रही है....मुझको दो पल के लिए नींद दे दो....दो पल  के लिए, माँ......"
         पायल के खनकने की आवाज सुन कर रविराज के चेहरे पर घबराहट छा जाती है.....फिर दूर से एक आवाज गूँजती है," रविराज, रविराज......".....फिर व्यंग  से परिपूर्ण हँसी तैर उठती है......
         रविराज सहमी सी आवाज में बोल उठाता है," यह किसके पायल की आवाज है ? अरे यह किसने मुझे पुकारा...नहीं, नहीं.....यह मेरा भ्रम है....मेरे  कमरे के सारे दरवाजे और खिड़कियाँ बंद हैं ...अब मैं सोना चाहता हूँ...."
          फिर एक गूँजती-सी, खनकती-सी आवाज आती है," रविराज, पहले तो तुम  सारी-सारी रात जगे रहना पसंद करते थे....और आज इतनी जल्दी सो जाना चाहते हो...क्या हो गया है तुमको.....बच्चे की तरह सोने के लिए व्यग्र हो रहे हो.....क्या बात है, मिस्टर प्रोफ़ेसर ?"
            रविराज कांपती आवाज में पूछता है," कौन हो तुम ? ....कौन ?....वैशाली हो ?....नहीं, नहीं तुम यहाँ कैसे आ सकती हो.....तुम्हारे गुजरे तो कई वर्ष बीत गए....मुर्दे वापस नहीं आते....देखो, मैं भूत-पिशाच में विश्वास नहीं रखता......"
            एक गंभीर आवाज आती है," रविराज, तुमने ठीक पहचाना.....मैं वैशाली ही हूँ.....रविराज....."
            "तुम ?.....तुम वैशाली, यहाँ कैसे चली आई?...वैशाली, कृपया मुझको अकेला छोड़ दो.....मैं सोना चाहता हूँ....मैं सोना चाहता हूँ...वैशाली....देखो....ये देखो....मैंने दरवाजे और खिड़कियाँ बंद कर दी हैं....मुझे सोने दो....."
             तेज हंसी के साथ वैशाली बोलती है," अरे रविराज, तुम मुझसे भागना  चाहते हो ?...मुझसे ?.....ओ प्रिय रविराज, यह क्या ?....तुम तो कहते थे कि तुम मेरे बिना इक पल भी नहीं रह सकते हो.....खैर, इक बार बताओ, तुमने अपने जीवन में क्या कभी दूसरों की नींद चुराते हुए शर्म की है ?.....तुमने कभी यह भी नहीं सोचा होगा कि तुमको स्वयं नींद की याचना करनी पड़ेगी...कभी नींद के लिए तड़पना और तरसना पडेगा....है न?"
            "दिखो वैशाली. मैं आज तुमसे किसी भी तरह की बहस में नहीं पड़ना  चाहता हूँ.....पता नहीं तुम मेरे कमरे में कैसे चली आयी हो....मैंने तो सारे दरवाजे और खिड़कियाँ बंद....."
             वैशाली बीच में ही टोकती है," रविराज, मैं तुम्हारे कमरे में तुम्हारे मन की खिड़की से आ गई  हूँ......तुम अपने मन की खिडकी बंद करना भूल गए थे......खैर, जब मैं आ ही गई हूँ तो क्या तुम अपनी कवितायेँ मेरे स्वर में नहीं सुनना चाहोगे......
             ......सोया रहे सारा शहर अन्धकार में
                   बस मैं और तुम
                   गुलाबी रोशनी के बीच
                   जागते रहें सारी रात
                   मेरी बाँहों में तुम सिमटी रहो
                   मेरी धडकनों  को सुनती रहो
                   भूल कर कि तुम कौन हो
                   मुझमें समाती रहो
                   मुझमें खोती  रहो
                   खुशबुओं से भर दो मेरी सांसें....."

          रविराज चींख पड़ता है," बंद करो...बंद करो...मैं अपनी कविता- कहानी कुछ भी नहीं सुनना चाहता हूँ....नहीं सुनना चाहता....साहित्य से मुझे नफरत सी हो गई है...मैं अब शब्दों का खेल  खेलना नहीं चाहता हूँ..."
            
           " वाह रविराज, तुम कितने बदल गए हो....आज तुम अपनी कविता नहीं सुनना चाहते....अपनी कहानी नहीं सुनना चाहते....तुम बहुत बदल गए हो....ओ रविराज, तुम्हारी प्रेमपूरित कविताएँ ....तुम्हारी रोमांटिक कहानियां.....कभी ये ही तो तुम्हारे हथियार हुआ करते थे....इन्हीं के सहारे कभी तुमने मुझको जीत लिया था.... मुझको कभी भरमाया था.....मुझको  कभी छला था.......
          तुमने इक दिन गाया था-
          प्रेम तो मैं हूँ
          स्नेह का समन्दर हूँ मैं
          आसमान भी मैं
          जमीं भी मैं
          तुम्हारे लिए सिर्फ मैं हूँ
          और मैं ही तुम हो
          तुम ही मैं हूँ.....
          .....इन्हीं  हथियार जैसी कविताओं  से कभी तुमने  मेरे प्रेम, विजय को मुझसे छीन  लिया था.....है न ? "
          
            रविराज अपना सिर धुनते हुए चिल्लाया," मेरे सामने विजय का नाम मत लो.....और तुम यहाँ से चली जाओ....अब तुममें मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है.....कभी दुबारा मेरे सामने विजय का नाम  मत लेना....."
            "क्या करूं रविराज, मैं क्या, कोई भी अपने पहले प्यार को भूल नहीं सकता है......अरे तुम क्या जानो कि पहला प्यार क्या होता है....तुम तो हर अगले  प्यार को अपना पहला प्यार मानते थे....लेकिन, विजय मेरा पहला प्यार था.... तुमने उसकी तस्वीर पर किसी  हिंसक  पशु कि तस्वीर जड़ दी और मैंने उसे सच की तस्वीर मान ली...तुम्हारी सम्मोहन शक्ति....तुम्हारी कवितायें.....तुम्हारे प्रेम गीत.....मैं  उनके सामने तो एक सम्मोहित कठपुतली हो गई थी....तुम्हारे हाथ का खिलौना बन गई थी....खूब खेला तुमने इस खिलौने के साथ और जैसे ही इस खिलौने से तुम्हारा  मन भर गया, तुमने  मुझको सदा के लिए सुला दिया.....ताकि....ताकि तुम दूसरे  शिकार  पर निकल  सको....है न ? मैं तो विजय का नाम लूंगी...वह मेरा पहला प्यार था.."
       रविराज चींख पड़ता है ," बकवास बंद करो....विजय की सच्ची तस्वीर ही मैंने  तुम्हारे सामने रखी थी....विजय जैसा था, वैसा ही मैंने तुमको बताया था...."
         ठहाके की गूँजती आवाज के बीच कोई बोलता है," और रविराज तुमने जैसा वैशाली को जाना था, वैसा ही उसके बारे में मुझे बताया था....धोखेबाज थी वह, बदचलन थी वह.... है न ? "
         रविराज अपने सिर पर  आ गए पसीने को पोछता हुआ बोलता है,' तुम....तुम....विजय तुम भी आ गए ?.....मैं तुम्हारी फरेबी आवाज को पहचानता हूँ....."
          "हाँ, रविराज मैं भी आ गाया हूँ....तुमको तुम्हारे अतीत में ले जाने के लिए....लेकिन, न मैं कभी फरेबी था और न  आज हूँ....यह सब तो रविराज तुम्हारे अधिकार में था....तुम तो हमारे लिए नियंता बन बैठे थे....हम तो तुम्हारे सामने बौने बन गए थे.....हम तो तुम्हारे शब्दों के माया  जाल में फंसे हुए लोग थे......"
          "विजय, तुम दोनों में इतनी दुश्मनी थी फिर भी तुम दोनों साथ आये हो ? तुम  वैशाली को तो फूटी आँखों से भी देखना नहीं चाहते थे....अब कैसे साथ-साथ हो ? "
         " अब मैं और वैशाली सिर्फ आत्मा हैं...और दो आत्मा के बीच कोई मनमुटाव नहीं होता है, रविराज....जब तुम भी मर जाओगे तो हमारे मित्र बन जाओगे.....लेकिन याद रखना कि तुम इतनी जल्दी नहीं मरोगे....तुमको तो अभी अपने अतीत की लम्बी यात्रा पर निकलना है.....अतीत की लम्बी यात्रा पर...."
          रविराज ने घबराहट भरे स्वर में कहा," तुम दोनों मुझको पागल बनाना चाहते हो....पागल....क्या मिलेगा तुमको ?"
          विजय ने गंभीरता के साथ कहा," रविराज तुम पागल नहीं बनोगे...हम तो पूरे होश में तुमको तुम्हारे अतीत में ले जाने के लिए कटिबद्ध  हैं.....और तुम ही अपनी कलम से अपने अतीत को लिखोगे, रविराज.....अपनी कलम के साथ तैयार हो जाओ,  कहानी के पीछे की कहानी लिखने के लिए....."
        रविराज भभक उठता है, " तुम मुझको जबरदस्ती मेरे भूत और भविष्य में नहीं ले जा सकते हो....मैं कोई खिलोना नहीं हूँ....."
         वैशाली ने व्यंग कसा," हाँ, रविराज खिलौने तो हम लोग थे....तुम्हारे खिलौने.....तुम्हारे मोहरे....तुम तो सदा से शतरंज की दोनों ही ओर से ही खेलते रहे हो....तुमने जब चाहा, जैसा चाहा वैसा  ही , कभी सफ़ेद तो कभी काले मोहरे को हरा दिया....तुम तो मैच फिक्स करते रहे हो.....रविराज...."        

                  

                 
          
       

मंगलवार, 17 अगस्त 2010

बिखरे पल

बिखरे पल




        पुलिस की जीप मेरे घर के आगे रुकी थी। इंस्पेक्टर ने गिरफ्तारी का वारंट मेरे सामने रख दिया था। मेरे हाथों में हथकड़ी पहना दी गयी थी। एक सरकारी अधिकारी होने का मेरा दर्प अचानक चूर होकर धूल में मिल गया था। मैं
आकाश से सहसा पथरीली जमीन पर औंधे मुंह आ गिरा था।

       गेट से बाहर आकर पुलिस जीप की पीछे वाली सीट पर बैठते हुए, मैंने एक बार सिर उठाने का प्रयास किया था-हर मकान की बालकनी से कुछ जोड़ी आंखें मुझे घूर रही थीं… । मेरा सिर स्वंय झुक गया था।

        मैं आशा कर रहा था कि रमा अपना क्रोध त्याग कर मुझसे मिलने जेल में अवश्य आयेगी, लेकिन यह मेरा कोरा भ्रम था। दो-तीन दिन जेल में गुजर गये, किन्तु मुझसे मिलने दफ्तर का एक भी सहयोगी नहीं पहुंचा………। रात के समय जेल की दीवारें मुझे काटने को दौड़तीं , मुझे नींद नहीं आती। मेरा मन भटकता रहता…

-सर , मैं इस बिल पर ह्स्ताक्षर नहीं कर सकता, यह तो बिलकुल फर्जी है।

-अरे संतोष जी , अगर यह बिल फर्जी न होता तो, मैं आपके ह्स्ताक्षर ही क्यों लेता ? आपको मैं आसानी से बाइपास कर जाता ! अरे, फर्जी बिलों को पास करते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। सारे कायदे-कानून को ध्यान में रखना होता है, तभी नकली बिल असली बन पाता है। बिल पर हस्ताक्षर कर दीजिये संतोष जी, और मौज कीजिये!

"सर, मैं बिल पास करने वाला अधिकारी हूं। जब भी जांच होगी, मैं ही पकड़ा जाऊंगा।"

"अरे संतोष जी, इस बिल को हमने पूरी तरह से असली बना दिया है, आप भूल गये क्या कि आपकी प्रमोशन मेरे ही हाथ होनी है ? आप राधाकृष्णजी को भी शायद भूल गये ? वह तो सिर्फ असली बिल ही पास करते थे। भेज दिया न उनको जेल में …… मेरी बात समझ रहे हैं न?"

       रमा का चेहरा भी मेरी आंखो के सामने बार-बार घूम जाता, उसके चेहरे के कई कोण होते । कई रंग होते……।

        प्यार से भरी उसकी मुस्कान, मेरी आंखों को तरल कर जाती, उसके स्पर्श का स्मरण , मुझे कंपित कर देता……उसके चेहरे पर खिलते सत्य और मुझे आंदोलित कर देते……मैंने उसका क्रोध भी देखा था…



"संतोष , तुम्हारी जेब में ये रुपये कैसे हैं?"

"अभी रख लो न, बाद में बताऊंगा।"

"बाद में क्यों ? अभी बताओ……।"

"अपने लिए तुम एक बनारसी साड़ी खरीद लेना…… पांच हजार रुपए हैं ……… मेरे हिस्से में तीन प्रतिशत……।"

"संतोष , साफ-साफ क्यों नहीं कहते कि ये लूट के धन के तीन प्रतिशत हैं……… तुम्हारे अधिकार की कीमत है……। कान खोल कर सुन लो, इन रुपयों से मैं अमृत भी खरीद कर खाना पसंद नहीं करूंगी…… आज से यह घर तुम्हारे पैसों से नहीं चलेगा……… मेरे हाथ अभी काम करते हैं……।"

धन कमाने के इस पक्ष पर रमा मेरे साथ कभी सहमत नहीं हुई। प्रारंभ में मैं रमा के सामने तर्क प्रस्तुत नहीं कर पाता था, लेकिन धीरे-धीरे मैं अपने पक्ष में बोलने लग गया था…

"रमा, यह जरा अलग तरह का युग है, यह पोंगा-पंडितों का युग नहीं। आज हाथ में पैसा न हो तो कोई पूछने वाला नहीं मिलेगा। आज इतने सारे लोग मेरे आगे-पीछे घूमते हैं, क्योंकि मैं अपने अधिकार का प्रयोग करना जानता हूं……।"

"रमा, ये सारे करोड़पति जो तुमको नजर आते हैं, कोई पसीने की कमाई से करोड़पति नहीं बने हैं……।"

"रमा, मेरी फाइल में कोई असली-नकली का भेद नहीं कर सकता। फर्जी बिलों को असली बिलों में बदलने की कला में मेरा कोई जवाब नहीं हैं……सब मुझे गुरू मानते हैं, गुरू……।"

"रमा, अपने प्रिय की स्याह-सूरत, जरा जेल में जाकर देख लो……।"

        अब मैं जेल में था । मेरे पास कोई आईना तो था नहीं कि मैं अपनी सूरत के रंग पढ़ पाता……… जब आदमी की मति मारी जाती है, उसे अच्छे -बुरे का ज्ञान नहीं रह जाता है। मेरी भी मति मारी गयी थी…… मेरे हाथ में जब ढेर सारे रुपये आते तो मैं अपने को सर्व-शक्तिमान मानने लगता, मैं सोचता था कि मेरा कोई अहित कर ही नहीं सकता। मेरी बोली में कोमलता समाप्त हो गयी थी, मेरे शब्द-शब्द में अनहद दर्प होता……मुझे लगता कि पूरा संसार मेरी मुट्ठी में कैद है……… मैं सबसे श्रेष्ठ हूं…… ईश्वर की सत्ता कोरी कल्पना है…… सत्य बकवास है……कायर पुरुष ही सत्य की पूजा करते हुए धूमाच्छादित आकाश में पुच्छ्ल तारे की तरह विलुप्त हो जाते हैं………।

       एक दिन मैंने जेलर से मिन्नत की तो उसने मुझे अपने एक वकील मित्र को फोन करने दिया-

"प्रमोद भाई, मैं संतोष बोल रहा हूं, तुमको मेरा केस लड़ना होगा।

"फिस क्या दोगे ?"

"फ़ीस ? फीस की बात तुम मुझसे कर रहे हो ? खैर, वह भी तुमको मिल जायेगी।"

"कहां से मिल जायेगी ? शायद, तुमको नहीं मालूम कि तुम्हारे सारे उल्टे-सीधे खाते, बैंक के लाकर आदि जब्त कर लिये गये हैं। तुम्हारा साम्राज्य ढह गया है। रमा भाभी को तुम पहले ही खो चुके थे और वह इन दिनों अपने गांव चली गयी हैं, कहां से दोगे तुम फीस?"

"अरे, तुम मुझे जमानत पर रिहा तो करोओ, फीस की रकम की व्यवस्था हो जायेगी, फिर तुमको याद होगा कि तुम्हारी बहन की शादी के समय मैंने तुमको पचास हजार रुपये दिये थे?"

"कौन से पचास हजार रुपये ? मैं कुछ भी नहीं जानता।"

"तुम सचमुच नहीं जानते ?"

"तो मैं क्या झूठ बोल रहा हूं? अगर तुमने मेरे पिता जी को रुपये दिये होंगे तो, तुमको यह भी अवश्य ज्ञात होगा कि उनका निधन हो चुका है, और मेरा सिद्धांत है कि मैं बिना फीस लिए किसी का भी केस नहीं लड़ता।"

मैं उद्धेलित हो उठा था-

"अब यह मुझसे सिद्धांतों की बात करता है। अरे, आज हर व्यक्ति के पास हर समय के लिए अलग-अलग सिद्धांत होते हैं ,समय को पहचान कर लोग विचार गढ़ते हैं। समय को देखकर रिश्ते बनाते-बदलते हैं। सबके सब मतलबी हैं, स्वार्थी हैं। अब मैं सबको पहचान गया हूं। लेकिन अब क्या लाभ ? चिड़िया तो खेत चुग चुकी है।"

मैं झल्ला उठा था। मेरी झल्लाहट मुझे तिल-तिल कर तोड़ रही थी……।

पता नहीं स्टोर कीपर सनातन बाबू को मेरे ऊपर कैसे दया आ गयी । उन्होंने मुझे जमानत पर रिहा करवाने के लिए बहुत दौड़-धूप की। जमानत से रिहा होने के बाद ही मुझे उनकी दया का राज मालूम हुआ। वे मुझे होटल में लेकर पहुंचे। उन्होंने मेरे सामने खरीद की फाइल रखते हुए अपनी बात रखी्…

"मैं इस फाइल को जानता हूं, सनातन जी, अब मुझसे आप और अपराध मत करवायें। क्या इसी कार्य के लिए आपने मुझे जमानत पर रिहा करवाया था?"

"आप क्या समझ रहे थे?"

"सनातन जी, मुझे क्षमा कर दीजिये, मैं इन कागजातों पर हस्ताक्षर नहीं करूंगा।"

"वह तो आप करेंगे ही, संतोष जी! और अगर नहीं करेंगे तो मुझे जेल जाना होगा। लेकिन, तब मैं न्यायालय में आपके विरुद्ध गवाही दूंगा, आपका केस और खराब हो जायेगा, याद रखिये कि मैं स्टोर कीपर हूं और मेरी गवाही का अर्थ आप समझते हैं ! संतोष जी, बिना सोचे-विचारे हस्ताक्षर कर दीजिए।"

        मैने सारे कागजातों पर बैक डेट में हस्ताक्षर कर दिये । शव पर एक मन का बोझ हो या सौ मन का कोई फर्क नहीं पड़ता ! मैं जेल एक दिन के लिए जाऊं या सौ बरस के लिए, क्या अंतर पड़ता है ? मेरी संपूर्ण मान- प्रतिष्ठा, जो शायद दलदली बुनियाद पर थी जो समाप्त हो चुकी थी। किन्तु कभी-कभी मन कहता- मैं केस जीत जाऊंगा, फिर से उसी कुर्सी पर बैठूंगा, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ पायेगा ! मैं कोई राधाकृष्ण नहीं कि आसानी के साथ जेल चला जाऊंगा।"

        होटल से निकलने के बाद मैंने एक समाचार पत्र खरीदा, एक समाचार पर मेरी नजर ठहर गयी…

"राधाकृष्ण पर लगे आरोपों के संबध मे दायर याचिका पर उच्च न्यायालय ने अपना फैसला सुनाते हुए उन्हें सजा से बरी कर दिया है। न्यायाधीश ने अपने फैसले में कहा है कि राधाकृष्ण को एक साजिश के तहत अधिकारियों के एक गुट ने फंसाने का अपराध किया था, क्योंकि वे एक ईमानदार अधिकारी हैं।"

        समाचार पत्र के संपादकीय आलेख में भी उच्च न्यायालय के इस फैसले की सराहना की गयी थी। यह समाचार पढ़कर, मैं हसूं या रोऊं, मुझे समझ में नहीं आ रहा था। वैसे, एक बात स्पष्ट हो गयी थी कि सत्य को पराजित करना आसान नहीं। मुझे में ईश्वर के अस्तित्व पर आस्था जगने लगी थी। लेकिन कुछ ही पल के बाद , मैं दूसरी ही धारा में बह चला था…

-मेरा भी कुछ नहीं होगा। न्यायालय मुझे भी ससम्मान बरी करेगा। न्याय के इतिहास में मुझसे भी बड़े-बड़े अपराधी साक्ष्य के अभाव में आरोप से बरी हुए हैं। और मैंने तो अपने अपराधों के पदचिह्न छोड़े ही नहीं हैं……

मैं शहर से अपने गांव पहुंचा। गांव की सीमा पर ही मुझे पंडित रामावतार शास्त्री जी मिल गये।

-अरे संतोष जी, जेल से बड़ी जल्दी छूट गये…कितना खर्च पड़ा?

-देखिए शास्त्रीजी, ज्यादा खर्च नहीं करना पड़ा, क्योंकि मेरे विरुद्ध मामला ही झूठा है, कार्यालय की गंदी राजनीति का मैं शिकार हो गया था। सांच को आंच क्या?

-अब सफ़ाई क्यों दे रहें हैं, संतोष जी? चोर कभी अपने को चोर कहता है क्या? लेकिन, मान गए आपके उपजाऊ दिमाग को हमलोग!"

         मैं शास्त्रीजी की टिप्पणी सुनकर खून का घूंट पी कर रह गया। पिछ्ले साल यही शास्त्रीजी गांव में मन्दिर निर्माण के लिए मुझसे चंदा लेने आए थे....

-आहाहा ! संतोष जी, आपका दरबार तो कुबेर का दरबार है! और आप, किसी देवता से कम थोड़े लगते हैं! आप धर्मात्मा हैं, धर्मात्मा! सौ जन्म का पुण्य इस जन्म से भोग रहे हैं…

-संतोष जी, आपके बंगले में प्रवेश करते ही लगा कि मैं लक्ष्मी मैया के मन्दिर में प्रवेश कर रहा हूं। आहाहा, तन-मन प्रसन्न हो गया। आपका अपना गांव तो छोड़िये, आस-पास के बीस गांव में आपका बड़ा नाम है। लोग आपको दानवीर कहते हैं…मन्दिर निर्माण के लिए आपसे सवा लाख से कम तो लूंगा नहीं!

         मैंने शास्त्री जी को ढाई लाख देकर संतुष्ट कर दिया था। जहां तक मेरा प्रश्न था ऐसा छोटा-मोटा दान करते हुए मेरी कौन सी जेब कटती थी? उन दिनों तो मैं दोनो हाथों से धन लूट रहा था। मेरे पास पसीने की कोई कमाई होती तो सोचता भी।

        आज वही शास्त्रीजी मुझे ऊंचे स्वर में चोर कह गये थे और मुझे उनकी टिप्पनी सुननी पड़ी थी…गांव के पाठशाला के करीब पहुंचते ही मेरे कानों में रमा के स्वर सुनायी दिये। रमा पाठशाला के बच्चों के साथ प्रार्थना में लीन थी…

-प्रभु सत्य-ज्ञान हमको तुम देना, हम बालक हैं तेरे, गंगा-सा निर्मल मन हमको देना…और मैं? हां मैं, काजल के पंक में स्नानकर अपने गांव लौट रहा था। गंगा-सा निर्मल मन पाने के लिए मैने भी इसी पाठशाला में कभी इसी प्रार्थना को कितनी बार गाया होगा, यह मुझको याद नहीं। गुरु नंदकिशोर जी मुझे अग्र पंक्ति में खड़ा कर देते और कहते कि अपने मधुर स्वर में छात्रों से प्रार्थना प्रारंभ करवाओ… घर में भी मां मुझसे रामचरितमानस का पाठ करवाती……

-कीरत भनति भूति भल सोई।

सुरसरि सम सब कह हित होई…

        काश! काल-चक्र वापस लौटता। मेरा वह दिन अस्तित्व खो बैठता, जिस दिन मैंने पहला जाली बिल पास किया था। जिस दिन मैं दलदल की पहली सीढ़ा चढ़ा था…

        मैंने वे पल खो दिये हैं जो मेरे जीवन के अमूल्य निधि होते थे। आज सब कुछ बिखरा-बिखरा सा है। यह गांव भी अनजान सा लग रहा है, जहां कभी जन्मा था, खेला कूदा और पढा लिखा था। मेरे ह्र्दय मे सब कुछ शून्य-सा प्रतीत होता था। वास्तविकता में मैं अपने मूल से कट गया था। आज के युग में मूल से कटा व्यक्ति समाज और अपने आप के लिए एक बड़ा संकट है। घटनाओं के सत्य को झेलने की शक्ति मुझमें नहीं थी…

        मैं कंगाल बना अपने घर के द्वार पर खड़ा था। उसी द्वार पर खड़ा था, जिस द्वार पर आज से बीस बर्ष पहले पिताजी ने मुझे नौकरी पर जाते समय आशीर्वाद दिया था…

"नौकरी पर जा रहे हो बेटे, तुमको मेरा आशीर्वाद है। लेकिन, एक बात का स्मरण रखना कि ईश्वर की सत्ता ही सबसे स्थिर सत्ता है। अपने अधिकारों का प्रयोग मानवता के हित में ही करना।

        मेरे घर के द्वार पर मेरा पुत्र पारस अपने सिर पर से लकड़ी की एक भारी गट्ठर उतारने का प्रयास कर रहा था। मैंने आगे बढ़ कर गटठर उतारना चाहा।

"पापा, आप छोड़ दिजीए। यह लड़कियों का गटठर है, कोई नोट की गड्डी नहीं जो आप उतार पायेंगे! पापा, आपको केस के फैसला होने तक गांव नहीं आना चाहिए था। गांव में भी अब समाचार पत्र आते हैं और सारे लोग आपके बारे में सब कुछ जान चुके हैं। हम लोगों को आपकी चर्चा झेलना ही आसान नहीं हो रहा है।"

        मैं पारस को क्या कहता? उसके शब्दों ने मेरे जीवन पटल पर चढ़े मुलम्मे को धो डाला। मैं देख रहा था अपना वह जीवन-पटल, जिस पर अनचाहे और असत्य के रंग बेतरतीब-से बिखरे थे……। मैं जानता हूं रमा, पारस और विनीता ने, कभी मेरी काली कमाई का एक भी पैसा अपने लिए उपयोग नहीं लाया। मैंने सारी काली कमाई बेनामी खातों, स्वर्ण बांडों आदि में लगा रखी थी। सैकड़ों ठेकेदार और आपूर्तिकर्ताओं को मैंने करोड़ों रुपयों का अलिखित उधार दे रखा था। मैं सोचता था कि ये मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर जायेंगे कहां? अवकाश ग्रहण करने से पूर्व ही मैं इनसे अपने रुपये वसूल लूंगा और इनसे अरबों रुपये कमाऊंगा भी। लेकिन, ठेकेदारों और आपूर्तिकर्ताओं ने मेरी गिरफ्तारी और कार्यमुक्त किये जाने के बाद, मुझसे बात करने से इनकार कर दिया था। वे निश्चिंत हो गए थे, क्योंकि मैं अधिकार विहीन हो गया था। मेरे पास अधिकार के दुरुपयोग की शक्ति नहीं रह गयी थी। हां, अब लोग मुझे पहचान कर भी पहचानना नहीं चाहते थे ।सब लोग मुझसे कतराते थे, जैसे मैं किसी महामारी से ग्रस्त होऊं…

       रमा पाठशाला से आयी। मुझे दो पल से लिए ठीक से देखा भी नहीं और मुंह फेरे हुए बोली-

"यहां क्यों आये हो? केस लड़ने के लिए पैसे की आवश्यकता थी तो पत्र भी लिख सकते थे?

"रमा , मैं यहां पैसे के लिए नहीं आया हूं। मैं यहां वह सब कुछ समेटने के लिए आया हूं, मैं वे सारे पल समेटने के लिए आया हूं, जिन्हें मैंने कभी अपने हाथों से बिखेर दिये थे।"

-तुम वे बीते हुए पल शायद नहीं समेट पाओगे। तुम वापस शहर चले जाओ। वहां तुम्हारे चाहने वालों की कोई कमी नहीं, प्रेम करने वालों की कमी नहीं।"

-"प्रेम" से तुम्हारे तात्पर्य क्या है?"

-वही, जो तुम उस शब्द का अर्थ समझते हो।"

-तुम मुझे चरित्रहीन भी समझती हो क्या?"

        रमा ने मेरे प्रश्न का कोई उत्तर नहीं दिया। वैसे, यह प्रश्न करते हुए घबरा-सा गया था।मेरे मन में कई प्रश्न उठ खड़े हुए थे…

-रमा कहीं रागिनी के बारे में जानती तो नहीं?"

-कहीं उसने रागिनी का अता-पता तो नहीं जान लिया?"

-नहीं, वह उसे कैसे जान सकती है। वह तो दिन रात अपने काम में व्यस्त रहने वाली महिला है…"

मैं गांव से उसी दिन शहर लौट आया। रिक्शे से सदर बाजार पहुंचा। मेरे सामने था, रागिनी को मेरा दिया हुआ नौलखा उपहार-'प्रेम-सदन'। मैंने कालबेल की बटन पर ऊंगली रखी। दरवाजा खुला…कुछ पत्र की चुप्पी को रागिनी ने तोड़ा-

-जमानत मिलते ही अपने घर चले गये थे, संतोष बाबू? जेल जाने पर तुम्को अपनी पत्नी के प्रति कोई नूतन आभास हुआ क्या?"

-चलो तुमहारे प्रश्न से ये तो पता चला कि कम से कम तुमने मेरी खोज खबर तो ली! आज बैठने भी नहीं कहोगी क्या?"

-तुम तो जानते ही हो कि मेरे यहां बैठने की कीमत लगती है, और अब तुम यह कीमत चुका नहीं पाओगे।"

-देखो रागिनी, मैंने तुमसे प्यार किया है। मैं तुम्हारा कोई ग्रहक नहीं हूं।"

-अगर ऐसी बात है तो चलो अभी अग्नि को साक्षी मान कर सात फ़ेरे लगा लेते है…मैं यह जानता हूं कि तुम यह काम नहीं कर पाओगे…तुममें तो इतनी भी हिम्मत नहीं कि तुम घोषित तौर पर मेरे यहां आ सको…खैर, इन बातों को छोड़ो और सुनो तुम्हारी पत्नी रमा, तुम्हारे जेल जाने के बाद मुझसे मिली थी। उसने मुझसे निवेदन किया है कि केस लड़ने के लिए, जितने पैसे की जरूरत हो, वह मैं तुमको दे दूं। वह बाद में मुझे चुकता कर देगी। बोलो तुमको अभी कितने पैसे चाहिए?"

         मेरा रोम-रोम चित्कार उठा। मैं अपने ही सत्य के सामने चिथड़े-चिथड़े हो गया था। मेरी नसें फ़टने लगी थीं। रमा रूपी त्याग और सत्य की प्रतिमूर्ति के सामने, मेरा समपूर्ण अस्तित्व टुकड़े-टुकड़े हो गया था…रागिनी ने भी मुझे अपने मन के फ़्रेम से उसी प्रकार हटा दिया था, जिस प्रकार लोग काठ के फ़्रेम से टूटा हुआ शीशा हटा देते हैं। और मैं भी कैसा मुर्ख था? स्वंय बिखरा हुआ होकर बिखरे पलों को समेटने चला था…इस अहसास के बाद में उस दिशा में चल पड़ा, जिस दिशा में चलकर मैं अपने अपराधों को भौतिक धरातल पर धो सकता था…न्यायालय में मैंने अपना अपराध स्पष्ट तौर पर स्वीकार कर लिया। मैंने अपने लिए सजा की मांग की। मुझे सजा मिली। मैं जेल में डाल दिया गया और…दस वर्ष के बाद-आज मैं ज़ेल से रिहा कर दिया जाऊंगा।एक छोटे जेल से बड़े जेल में कदम रखूंग़ा।

-मैं जानता हूं कि अब रमा जीवित नहीं है……

-मेरा पुत्र पारस और पुत्री विनीता मुझे स्मरण करना भी पाप समझते हैं……

-काश! मैं भी रमा की तरह पंचतत्व मे विलिन हो जाता… हे ईशवर !मैं यह कलंकित शरीर लेकर कहां जाऊंगा? कौन मुझे अपने ह्रदय से लगएगा?"

इन्हीं प्रशनों के बीच जेल का द्वार मेरे लिए खोल दिया गया था, और मुझे उस दुनिया मे प्रवेश करना था, जिस दुनिया में मेरे लिए सारे द्वार और खिड़कियां बंद हो चुकी थीं।

-अंधेरे मे कहां भटकूंगा?"

        मेरे इस प्रश्न का अप्रत्याशित उत्तर मुझे शीघ्र ही मिल गया। मेरे और रमा के द्वार लगाया गया पूरा का पूरा बाग जेल के द्वार पर उपस्थित था। पारस, बहू निर्मला,विनीता,दामाद सिद्घार्थ, मेरा पौत्र सुमन, नाती कुमुद और नतनी चांदनी ने मुझे जेल से निकलते ही घेर लिया था। …… मैं प्रेम के घेरे में ले लिया गया था।"

…… एक फूल ने फूल का मुझे उपहार दिया ……

-दादा जी, यह फूल आपके लिए!

उस फ़ूल की सुगंधी मे रमा के स्वर गूंज रहे थे-

-सतोंष,अगर जीवित होती तो मैं अपने हाथों से तुमको तुम्हारे बिखरे पल समेट कर दे देती… लेकिन अब यह कार्य हमारे पौधे के फूल ही पूरा करेंगे…"



सत्य, प्रेम और निष्ठा की एक त्रिवेणी मेरे सामने प्रवाहित हो रही थी……

मैं सब कुछ छ्लछलायी आखों से…भर आये ह्रदय से अनुभव कर रहा था ! ……





शुक्रवार, 30 जुलाई 2010

खाली हाथ

खाली हाथ
          बीमार राधे उरांव ने चटाई पर लेटे हुए आकाश की ओर कातर दृष्टि से निहारा। वह अपने आप से बतियाने लगा,"क्या इस वर्ष भी पानी नहीं बरसेगा? हे भगवान! पांच बरस बीत गए पानी बरसे, अब तो दया करो…सर्वानाश निशिचत है…खेत रेगिस्तान बनते जा रहें हैं…बैलों की हड्डियां झलकती हैं…कुत्ते दिन में भी रोते हैं… अपनी शुकरी के गालों पर गड्ढे पड़ गए हैं। वह सूख कर ठूंठ हो गयी है…घर में एक दाना अन्न नहीं है…कैसे दिन कटेंगे? सुगिया और बुधना अभी बच्चे हैं। वे कभी-कभी भात खाने के लिए मचल उठाते हैं। कलेजा हूक मारता है…बांस की कोंपलें,घास-पात, जंगली बेर आदि पर मेरे ये बच्चे कितने दिन जीवित रह पाएंगे?"

          तभी राधे की नजर मजूरी कर वापस लौटी अपनी बड़ी बेटी रतिया पर पड़ जाती है। वह रतिया से पूछ्ता है, "ए रतिया, आइज का बजार करले ? कोई काम मिला या खाली हाथ लौटी?"

          "बाबा आइज त काम भेटालउ, लेकिन कल मुश्किल लगउला…कल झारखण्ड बदं है…किसी नेता का लड़का गिरफ़्तार हो गया है, बलात्कार के आरोप में…भगवान करे, नेता जी का बलत्कारी बेटा आज शाम ही जेल से छूट जाए, नहीं तो कल किसी मजदूर को काम नहीं मिलेगा…आटा लाई हूं…मां को कह दूंगी कि सुगिया और बुधना के लिए ही रोटियां सेंकेगी…हम लोग तो कुछ भी खा लेंगे, बाबा…वैसे, एक सेठ के यहां शादी है्…बात कर आई हूं…बरतन मांजने और जूठे पत्तल उठाने के लिये वह मुझको दो दिन काम देगा…तुम चिंता मत करो, बाबा।"

         लेकिन, राधे चिंता में डूब गया,"यह लड़की दूसरे की शादी में बरतन मांजेगी, जूठे पत्तल उठाएगी, पर भगवान, इसकी शादी कभी नहीं होगी क्या? बीस बरस की हो गई है…बड़ी मेहनत और उम्मीद से इसे बी ए तक पढाया था…पर इसके भाग्य में मजूरी करना ही लिखा था, ईंट ढोना ही लिखा था…पर रतिया मजूरी न करे तो पूरा परिवार ही भूखे मर जाएगा…मैं तो बीमारी से लाचार हो गया हूं, क्या करूं?"

          सूखी झाड़ियों की टहनियों की गांठे पटके जाने की आवाज से राधे का ध्यान भंग हो गया। सूखी पतियां और टहनियां इकटठा कर लौटी शुकरी को उसने भरपूर नजर देखा। वह फ़िर अपने खयालों में खो गया,"शुकरी फ़ारेस्ट गार्डों की नजर चुरा कर सूखी पत्तियां और झाड़ियां की टहनियां जंगल से चुरा कर न लाए तो चूल्हा न जले…"

          और उस दिन की बात तो मैं भूल ही नहीं सकता…फ़ारेस्ट गार्ड ने शुकरी को जंगल में पत्तियां बुहारते पकड़ लिया था…उस कमीने ने शुकरी को कितनी गालियां दी थीं…जंगली की औलाद कहा था और उसे जंगल से बाहर धकेल दिया था…फ़िर भी शुकरी जंगल से सूखी पत्तियां और झाड़ियां चुनने, नहीं…चुराने गई थी…भूख के भय के आगे, कोई भय नहीं टिक पाता!"

          गांव के पूरब कोने से लाउडस्पीकर से किसी के बोलने की अस्पष्ट आवाज राधे ने सुनी! वह चौंक पड़ा,"वोट कर समय आ गेलयं का ? उसने अपनी उगलियों पर गिन कर देखा औए बुदबुदया,"चुनाव होला तीन साल त बीतल हे, और इतनी जलदी चुनाव सिर पर आ गया? पर इस बार कोई क्या वोट देगा? आधे से अधिक लोग तो गांव छोड़ कर बाहर जा चुके हैं… और जो गांव में रह गए हैं, उनमें तुनको साहू और फ़कीरा ठेकेदार को छोड़ कर, सब मर जाएंगे, भूख से बिलबिला कर मर जाएंगे!"

          "क्या बड़बड़ा रहे हो राधे? कौन मर जाएगा? अरे, औए कोई मरे न मरे, तुम जरूर आज कल में मर जाओगा।" तुनको ने राधे की बगल में चटाई पर बैठते हुए पूछा,"क्या मेरा पैसा चुकाए बिना ऊपर चले जाने का इरादा है?"

         "ए तुनको, एसन मत बोलल कर रे…तुम मेरे स्कूल के साथी हो…मैं जल्दी ही ठीक हो जाऊगां…रतिया ने शहर के डाक्टर से दवा ला कर दी है।"

         "देखो राधे, मैं रुपए का व्यापार करता हूं…तुमने मुझसे दो सौ रुपए कर्ज लिए थे…सूद मिला कर हुए पांच सौ रुपए…तुम मर जाओगे तो क्या मैं शुकरी से रुपए मांगूंगा? क्या वह इतने रुपए लौटा पाएगी ? अरे, अपनी पांच कट्ठा जमीन मेरे नाम लिख दे…मैं अगले हफ़्ते तुमको खाट पर लिटा कर कोर्ट ले जाऊंगा।"

          "ए तुनको, दो-चार महीने रुक जा, तुम्हारे रुपए लौटा दूंगा। विश्वास करो और देख, मेरी जमीन हथियाने की बात मन से निकाल दो, हाथ जोड़ कर प्रार्थना कर रहा हूं…"

          कामुक घाघ की तरह, जीभ से अपने होठ भिगोते हुए तुनको ने कहा, "एक बात हो सकती है।"

          "क्या बात हो सकती है?"

          "रतिया को मेरे पास भेज दो!"

          राधे उठ कर खड़ा हो गया। क्रोध आवेश में उसका पूरा बदन कांप रहा था उसने बड़ी नफ़रत से तुनको की ओर देखा और चीख पड़ा,"अभी मैं बीमार हूं, कमजोर हूं, वर्ना मैं तुम्हारा गला दबा देता…तुम्हारी जान ले लेता…अब मैं किसी किसी कीमत पर तुम्हारा पैसा नहीं लैटाऊंगा। जल्दी यहां से दफ़ा हो जाओ।"

          'मैं तुम पर मुकदमा भी ठोक दूंगा।'

          राधे उबल पड़ा, "तोयं जे सोचिसला से कर…पापी के मुराद कभी पूरी नई होवी…तुम्हारे उपर वज्र के डाल टूट कर गिर पड़ेंगें…तुम पर बिजली गिरेगी!"

          राधे अभी और कुछ बोलता, लेकिन तभी रतिया वहां आ गई। उसने राधे को चटाई पर हाथ पकड़ कर बैठाया और कहा,"बाबा, तुम चटाई पर आराम से बैठो। मैं तुमको सूदखोर से बातचीत करने के लिए हंसिया ले कर तुरंत आ रही हूं!"रतिया की बात सुनकर तुनको भाग खड़ा हुआ।

         लाउडस्पीकर से आती आवाज को अब राधे साफ़-साफ़ सुन पा रहा था,"कला शाम…स्कूल मैदान में… समाज सेवक मंत्री रामखेलावन जी का भाषण होगा…वे अकालपीड़ितों को एक सप्ताह का राशन भी बांटेंगे…राशन के साथ भाषण का लाभ उठाएं…"

         राधे मन ही मन खुश हो उठा,"एक सप्ताह का राशन मिलेगा, यानी, मेरे बच्चों की उम्र एक सप्ताह और बढ़ जाएगी मैं राशन लेने जाऊंगा, थोड़ा-सा चलना-फ़िरना भी हो जाएगा और…"

         दूसरे दिन, स्कूल के मैदान में शाम के समय ऊंचे मंच से मंत्री रामखेलावन जी भाषण दे रहे थे…एक घंटा बीत गया फ़िर भी उनका भाषण जारी था,"…आपकी गरीबी का कारण हम जानते हैं, लेकिन आपको बताएंगे नहीं, गोपनीय मामला है और मंत्री बनने के समय हमने गोपनीयता की शपथ ली है…आपलोग बस एक बात का ध्यान रखना, इस बार के चुनाव में मेरी पार्टी को ही यहां से जीतना चाहिए। अगर आपलोगों ने फ़िर बरगद छाप को वोट दिया तो, जान लीजिए, यहां कभी पानी नहीं बरसेगा…दरिद्रा देवी आप लोगों पर सवार हो जाएंगी…औए अगर आप लोगों ने मेरी पार्टी को केला छाप में मुहर लगा कर विजयी बनाया तो, हम आपकी गरीबी अगले पांच बरस में दूर कर देंगे…"

          राधे चिड़चिड़ा गया। बुदबुदाया "ससुरा पांच बरस में तो यहां के सारे गरीब सुरधाम चले जाएंगे! यह किसकी गरीबी दूर करेगा ? अरे, भाषण समाप्त कर जल्दी से राशन बांट, खड़े-खड़े मेरी कमर टूटी जा रही है…"

          पर मंत्री रामखेलावन ने स्पीड पकड़ ली थी,"इसी माह इस गांव में बिजली आ जाएगी, लाइन बिछाने का आर्डर दे दिया है…सड़क भी बन जाएगी और बस स्टाप भी बनवा दूंगा…"

          राधे मन ही मन उबल पड़ा,"अरे, यहां भूख के मारे आखों के आगे अंधेरा छा रहा है और इसे बिजली की लाइन बिछाने की सूझ रही है, जैसे बल्ब जला देने से भूखे की आखों के आगे का अंधेरा दूर हो जाएगा…अरे, यहां सड़क और सवारी की कोई जरूरत नहीं, इस गांव के लोग अब ऐसी यात्रा पर निकलने वाले हैं, जिस यात्रा के लिए सड़क या सवारी की जरूरत ही नहीं पड़ती!"

          मंत्री रामखेलावन जानते थे कि जब तक वे राशन बांटेंगे नहीं, तब तक भीड़ छंटेगी नहीं, इसलिए दो घंटे तक भाषण देते रहे। गांव-वासियों को गांव की समस्याओं से लेकर अंतरिक्ष तक की समस्याओं का हाल सुनाया। दिल्ली से लेकर, अमेरिका तक की राजनिति समझाई समाजवाद, साम्यवाद और पूंजीवाद के रहस्यों पर टिप्पणियां कीं। अपने मित्रों के नाम गिनाए और शत्रुओं का परिचय दिया…और जब मत्रीं रामखेलावन जी स्वयं बोलते-बोलते थक गए, तब उन्होंने राशन के पैकट बांटने का कार्यक्रम प्रांरभ किया।

           शुकरी ने पैकट से गेहूं निकाल कर फ़टका और अंदाज करती हुई बोली,"पांच किलो गेहूं में ढाई किलो तो, घुन खाया हुआ है!"

           राधे बोला,"चलो ढाई घंटे खड़े रहने पर कुछ तो हासिल हुआ ही।'

           दोनों बातचीत कर ही रहे थे कि वहां रतिया आ पहुंची और खुशी से भरी हुई आवाज में बोली,"बाबा,बाबा मुझे नौकरी मिल गई…टीचर की नौकरी…इसी सप्ताह मुझे मुरहू जाना होगा…वहीं के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में नौकरी लगी है।"

           राधे और शुकरी की खुशी का तो कोई ठिकाना ही नहीं था। लेकिन कु्छ बड़े सवाल उठ खड़े हो गये थे ,"रतिया को एक माह बाद वेतन मिलेगा…यह एक माह बिना पैसे के कैसे कटेगा? रतिया मुरहू में, वेतन मिलने तक अपना खर्च कैसे चलाएगी?…"

           शुकरी ने समाधान दिया,"मैं रतिया की जगह मजूरी करूंगी और रतिया मेरी हंसूली बेच कर मुरहू में अपने रहने की व्यवस्था करेगी…"

          रतिया मुरहू चली गई शुकरी मजूरी करने जाने लगी…बीमार राधे ने पत्तियां और लकड़ियां बिनने का काम अपने जिम्मे ले लिया…किसी तरह समय गुजरने लगा…दुख का समय जल्दी नहीं बीतता और सुख के समय में गरूड़ के पंख लगे होते हैं, दुख आता है तो जल्दी जाने का नाम नहीं लेता और सुख तो पल-दो-पल का सपना है…गांव में अचानक हैजा फ़ैल गया…किसी न किसी के घर में रोज मातम छा जाता। एक तो आकाल ऊपर से हैजा का प्रकोप, बहुत ही विकट समय था…तुनकों के यहां चार-चार जने एक ही दिन मौत के शिकार हो गए…जब वह अपनी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को फ़ूंक कर शाम में अपने घर पहुंचा तो शायद हैजे के कीटाणु उसका इंतजार कर रहे थे…

          पत्ते चुन-बिन कर राधे अप्ने घर लौट रहा था तो उसे तुनको के घर के अंदर से किसी के कराहने की आवाज सुनाई दी। राधे तुनको के घर में प्रवेश कर गय। वहां उसने तुनको को हैजा से ग्रस्त पाया। राधे झटपट उसकी सेवा में जुट गया…उसने प्रखंड अस्पताल से टाक्टर को बुला कर लाया…शुकरी भी तुनको की सेवा में हाथ बांटने लगी।

           रतिया को पहला वेतन मिला तो उसने झटपट दो दिनों की छुट्टी ले ली और अपने गांव चल पड़ी…गांव में उसने अजीब-सा सन्नाटा महसूस किया। हर घर उसे उजड़ा-उजड़ा-सा लग रहा था…राह में उसे कारे मिल गया। उसने रतिया को बताया,"गांव में हैजा फ़ैल गया है…रोज कई लोग मर रहे हैं…"

           जब रतिया को तुनको का घर दिखाई पड़ा तो वह मन ही मन उबल पड़ी,"इस सूदखोर, के हाथों में आज ही पांच सौ रूपया रख दूंगी…कर्ज अदा कर दूंगी, फ़िर उससे पुछूंगी कि वह क्या सोच कर मेरी सौदेबाजी कर रहा था ? हुंह, यह सूदखोर, आदमी को बिकने वाली वस्तु समझता है…और लड़कियों को सिर्फ़ भोगने की वस्तु…वह लफ़ंगा है…आज मैं उसे खूब खड़ी-खोटी सुनाऊंगी…"

           रतिया अपनी झोपड़ी के निकट पहुंची। झोपड़ी खाली पड़ी थी। वह घबरा गई। वह पुकारने लगी,"बाबा, बाबा,…सुगिया… बुधना…" तभी उसे सुगिया और बुधना टुंगड़ी से नीचे उतरते दिखालाई पड़े। उनके करीब आते ही रतिया ने पूछा,"बाबा आउर मायं कहां गेल हकयं?"

           "तुनको बाबा के घर" सुगिया ने बताया

            रतिया चिंता में डूब गई," जरूर वे दोनों तुनको से ॠण लेने गए होंगे।"

            रतिया चिंता तुंरत तुनको के घर की ओर चल पड़ी। रास्ते में रतिया को राधे से भेंट हो गई-

          "बाबा, आप तुनको के घर क्यों गए? क्या आप भूल गए कि उसने आपसे आपकी बेटी की सौदेबाजी करनी चाही थी ?"

           राधे ने दो पल चुप्पी के बाद जवाब दिया,"तुनको की पत्नी और उसके सभी बच्चे हैजा के शिकार हो गए …अब वह बिल्कुल अकेला है और हैजा से ग्रस्त भी… उसने हमारे साथ जो कुछ भी किया, वह उसका व्यवहार था, उसका चरित्र था। रतिया मैं तुम्हारी तरह बी ए पास नहीं हूं, लेकिन मैंने तुनको की सेवा इसलिए की क्योंकि मैं तुनको नहीं, राधे हूं, चलो, तुम भी उससे एकबार मिल लो। वह अब कुछ ही देर का मेहमान है।"

          "हां बाबा, उससे तो मुझे एकबार मिलना ही है! उसके पैसे जो लौटाने हैं। उसके हाथ में पांच सौ के नोट रख दूंगा तो, वह सूदखोर चैन से मरेगा, वर्ना मरने के बाद भी वह हमलोगों के पीछे लगा रहेगा।"

          राधे ने कहा,"रतिया, मन से वैर की भावना निकाल दे और मेरे साथ तुनको के घर चल। हर समय हर आदमी एक सा नहीं होता।"

           रतिया, राधे के पीछे-पीछे तुनको के घर की ओर चल पड़ी। रतिया घर के द्वार पर ठिठक पड़ी। घर के अंदर से तुनको के बोलने की आवाज आ रही थी-

          "रतिया की मां, किसी को मुरहू भेज कर रतिया को बुलवा दो…उसे देखे बिना, इस पापी के प्राण नहीं छूटेंगे…" तुनको अपनी बात पूरी भी न कर पाया था कि रतिया उसके सामने आ कर खड़ी हो गई। तुनको के आखों में चमक आ गई थी। लेकिन, रतिया की आखों में क्रोध के चिन्ह उभर आए थे…रतिया ने अपने बैग से पांच सौ रूपए निकाल कर तुनको की ओर बढ़ा दिए। तुनको ने हाथ जोड़ लिए। उसकी आखों में आंसू छ्लक पड़े, पर शीघ्र ही उसने अपने पर काबू पाते हुए कहा,"रतिया, मेरे हाथ खाली नहीं हैं कि मैं तुमसे रुपए ले सकूं…देखो, मेरे हाथ पाप से भरे हुए हैं…मैं अपने हाथ खाली भी नहीं करना चाहता…मैं नरक जाना चाहता हूं…उसे भोगना चाहता हूं…वैसे, मैं वास्तव में तुम्हारे बाबा का ही कर्जदार हूं। तुम्हारे बाबा जब दोनवाली अपनी जमीन बेच रहे थे तो, मैंने उनसे दो सौ रूपय की बेईमानी कर ली थी। कोर्ट का खर्च अधिक बता दिया था। वही दो सौ रुपय मैंने तुम्हारे बाबा को ॠण में दिए थे…"तुनको ने एक हिचकी ली और उसके प्राण पखेरू उड़ गए।

         रतिया की आखों से आसू की धारा बह चली थी। वह तुनको के खाली हाथ निहार रही थी…

शनिवार, 24 जुलाई 2010

मौत की रेखा के नीचे

                           अकलू मुंडा का कुत्ता अंतिम सांसे गिन रहा था। उसे अपने जीवन के बीते क्षण याद आने लगे-"गांव के लोग मुझे देखते ही कहते,"यह देखो, अकलू मुंडा का शेर चला आ रहा है।"


                               मैं इस वाक्य को जब भी सुनता, मेरा सीना गर्व से फूल जाता। वैसे भी मैं   गांव का सबसे तंदरुस्त कुत्ता था। मुझे अपनी काली चमकीली खाल पर फख्र था। मुझे अपनी सेहत पर पूरा भरोसा था। मैं कुत्ता होकर भी शेर की तरह दहाड़ाता। गांव के अन्य कुत्ते मुझे देखते ही दुम दबा कर 'कूं-कूं' करने लगते। मजाल कि मेरे रहते , मेरे मालिक की ड्योढ़ी पर फूलन देवी का गैंग भी चढ़ने की बात सोचता।

मालिक को मेरे ऊपर मुकम्मल विश्वास था। वह मुझे हर दिन मांस, मछली, अंडा, चावल, रोटी, दूध आदि खाने के लिए देता। मैं मस्त होकर खाता। रात में जग कर पहरा देता। दिन में अपने मुलायम गद्दे पर सोता रहता या कभी मालिक या उसके बेटे ननकू के साथ खेल लेता। मालिक मुझे भरपूर प्यार देता। मुझे वह कभी जूठन नहीं खिलाता, कहता,"अरे शेरू तो अपने परिवार के सदस्य-सा है। देखो, इसे कोई जूठन न खिलाए।"

                         तब मालिक का खेत सोना उगलता था। मेरे मालिक की ड्योढ़ी पर रोज बड़े-बड़े साहुकार ट्रक या बैलगाडियां लेकर आते। मालिक को नोट की गड्डियां पकड़ाते और धान, गेहूं, मकई, फल,सब्जी, बांस आदि मालिक से खरीद ले जाते।

                         मेरा मालिक ऊंची गद्दी पर बैठा रहता। वहीं से बैठा- बैठा वह अपनी खेती-बारी का काम भी करवा लेता। लखना, बुधवा, एतवा, दलपतिया और न जाने कितने मजदूर उसके खेत पर रोज खटते और खा-पीकर मुस्टंड बने रह्ते।लखना का पुष्ट शरीर तो बड़ा दर्शनीय था। जरा अकड़ कर खड़ा हो जाए तो लगे कि यूनान के किसी देवता की मूर्ति है वह।

                         सुख-दुख के चक्र से बंधी है यह पृथ्वी। कब राजा रंक हो जाए या कब उर्वरा भूमि बंजर हो जाए, कोई नहीं बता सकता। कुछ वर्ष पूर्व ही हमारे गांव से धीरे-धीरे सुख-शांति का पलायन होने लगा। गांव के ऊपर जो बादल कभी अमृत बरसाया करते थे, अपना गुण भूल बैठे। मानो, ज्ञानी ज्ञान का दान करना भूल गया हो। फसल पर फसल मारी जाने लगी। मेरे मालिक के अनाज का भंडार खाली हो गया। गांव के हर आदमी के सामने भूख सबसे बड़ी समस्या बन गई। लोग दाने-दाने के मोहताज हो गए। कई लोग पेड़ के पत्ते और उसकी जड़ों को खाकर किसी तरह अपनी सांस बचाए हुए थे। लखना का दर्शनीय शरीर चलता-फिरता नरकंकाल बन गया। गांव मे मांदर की थाप नहीं गूंजती, क्योंकि यम का नगाड़ा बजता रह्ता। कोई नृत्य नहीं करता, क्योंकि सबकी आंखों के सामने मृत्यु अखंड तांडव करती रह्ती। कोई गीत नहीं गाता, क्योंकि गांव हमेशा विलाप-स्वर से भरा रहता।


                              किसान की दो ही पूंजी होती है - बीज और आशा। मेरे मालिक ने अपनी जमापूंजी के बल पर खेतों में बीज डाले। अपनी आशा बनाए रखी, लेकिन हर बार बादल मुंह-चिढ़ा कर चले गए। खेत की मिट्टी पर दरारें पड़ गईं। फसलें  जलती रहीं और एक दिन मेरे मालिक की आशा रूपी पूंजी भी चुक गई।


                              बादलों की बदनीयती का प्रभाव मेरे भोजन पर भी पड़ा। पहले मांस, मछली और अंडे बंद हुए। फिर भात- रोटी पर भी आफत आ पड़ी । मेरे सामने जूठन फेंकी जाने लगी। मेरे मालिक के प्यारे बैल, संतु और अंतु बिक गए। उनकी जोडी टूट गई। दोनों अलग-अलग हाथों में बिके। मेरे मालिक की गाएं,गहने जेवर,बरतन बासन और एक दिन उसकी गद्दी तक बिक गई।

                              उस दिन गांव में बड़ी गहमागहमी थी। गांव के स्कूल-मैदान में मंत्री जी का भाषण होना था। खाली पड़े स्कूल में उस दिन हेडमास्टर से लेकर चपरासी तक उपस्थित थे। गांव के कुछ बच्चों को जलेबी का लालच दे कर स्कूल में बुलाया गया था।

                              स्कूल मैदान में एक ऊंचा मंच बनाया गया था। मंच पर गद्दे बिछाए गए थे। मसनद करीने से रखे गए थे। फूल के कई गमले भी मंच पर सजाए गए थे। एक माइक भी लगाया गया था, जिसके सामने खड़ा आदमी बोलता तो लगता कि कोई राक्षस बोल रहा है!

                              लारियों और जीपों में लद-लद कर पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों की भारी फौज गांव में पहुंची। पूरा गांव सहम गया। डोम टोली,चमर टोली और नीची टोली में भारी दहशत फ़ैल गई। पुलिस ने गांव में पैर रखते ही इन टोलियों से अनेक असामाजिक तत्वों को पकडा और उन्हें पीट-पीट कर थाने की हवालात में बंद करवा दिया। मंगरा भी पुलिस के हाथों पिट कर अधमरा सा हवालात में पसर गया। सिर्फ़ चार दिन पहले वह अपनी बहन रनिया के साथ अपने नाना के घर एक बोरा अनमोल चावल पंहुचाने आया था। वैसे पुलिस पकड़े गए अधिकांश असामाजिक
तत्वों के नाम भी नहीं जानती थी। उन्हें शायद मेरी नाक वाली ग्रंथी मिल गई थी। वे शायद कुत्ते की तरह सूंघ कर आसमाजिक तत्वों को पकड़ सकते थे।
                                कृषि पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय के प्रांगण में कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगा दी थी। प्रदर्शनी में अन्न,फल,सब्जी,मधु आदि थोड़ी-थोड़ी मात्रा मे सजा कर रखे गए थे। वैसे प्रदर्शनी की सारी सामग्री दूर-दराज से लाए गए थे। आलू नैनीताल का था, तो चावल देहरादून का! अंडे हरियाणा के थे, तो प्याज मद्रास की! मेरे गांव में पूरा भारतवर्ष सजा हुआ था। यह सब कृषि पदाधिकारी के सक्षम होने का प्रबल प्रमाण पत्र थे! इतना ही नहीं, सिर्फ दो दिन अपनी ससुराल में रह कर नानू अपने गांव पहुंचा तो वह अचंभित रह गया था। बोल पड़ा था," ई हे हकयं अप्पन गांव?"

                               विकासात्मक और पुलिसिया तैयारियों के बाद ऐलान किया गया था -"मंत्री के बहुमूल्य भाषण से लाभ उठाने के लिए सारे गांववासी स्कूल मैदान में संध्या पांच बजे पहुंचें।" मैं भी अपने मालिक के साथ ठीक समय पर स्कूल मैंदान में भाषण का लाभ उठाने पहुंच गया। मुझे गांव के फारेस्ट डाक बंगले में मांस, मछली, पुलाव आदि रांधे जाने की गंध लग गई थी। मुझे उम्मीद थी कि भाषण के बाद लाभ स्वरूप मेरा भी अंश मुझे प्राप्त होगा। एक अर्से के बाद मैं भी कुछ हड्डियां चबा पाऊंगा। वैसे डाक बंगले से जूठन फेंके जाने का इंतजार आदमी के अनेक बच्चे भी कर रहे थे। परंतु, सभी की हसरत, हसरत ही रह गई। किसी को हड्डी भी नसीब नहीं हुई। अकाल-राहत  कार्य में हाथ बंटाने आए मंत्री जी के स्वयंसेवकों ने हड्डियां तक चबा डालीं।

                               मैदान में मेरे करीब ही दो स्वंयसेवक आकर बैठ गए। उनके कुरते-पजामे चक-चक साफ़ थे। उनकी सिल्क की बंडियों में गुलाब की कलियां लगी हुई थीं। उनकी आंखों में लाल डोरियां थीं। दोनों आपस में बतियाने लगे-

                             "अगर राहत-कार्य दो महीना भी चल जाए तो अपना एक साल का कोटा पूरा हो जाएगा।"
                            "अरे,घबराते क्यों हो? राहत-कार्य कम से कम छह महीना चलेगा। लांग टर्म,और शार्ट टर्म, दोनों प्रकार के आपातकालीन काम शुरू किए जा रहें हैं। लेकिन, अब हम लोगों के लिए एक बहुत बड़ा खतरा है।"

                          "कौन सा खतरा?"


                          "अध्यक्ष संतू जी,अरे और कौन? अगर वह यहां कबाब में हड्डी बन कर पहुंच गया तो समझो कि सारे किए-किराए पर पानी फ़िर जाएगा।"


                          "खैर,छोड़ो उस पाजी की बात। उधर देखो सूखे में हरियाली खड़ी है।"

                           दोनों रनिया के सांचे में ढले बदन को देख रहे थे। कुछ देर देखने के बाद वे फ़िर बतियाने लगे।


                         "अरे, यहां रोटी महंगी है,पर हरियाली सस्ती। यह हरियाली हमारी सेवा में, देखना, बिना-चू-चपड़ चली आएगी। दारोगा जी से बात पक्की कर चुका हूं। उसके भाई को हवालात से बाहर तभी किया जाएगा, जब यह डाकबंगले के अदंर आ जाएगी।"

                         "अरे जनाब, मैं जानता था कि तुम जब साथ हो तो इस उजाड़ गांव में भी हरियाली ढूंढ ही लोगे। इस मस्त्ती के लिए मैं पहले से तैयार होकर आया हूं। डाकबंगले में चार थरमस शराब और कुछ पैक्ड कबाब की व्यवस्था करके यहां आया हूं। शबाब की कमी रनिया पूरी कर देगी।"

                          इस बीच मंत्री जी का लंबा-चौड़ा काफ़िला मंच के पास पहुंचा।  माइक के सामने खड़ा एक स्वंयसेवक पागल की तरह उत्तेजित हो उठा। हाथ उछाल-उछाल कर मंत्री जी के समर्थन  में नारे लगाने लगा। साथ-साथ वह उपस्थित ग्रामवासियों को भी नारे लगाने के लिए कहता जाता।

                           मेरे मालिक ने भी एक बार नारा लगाया, पर उसका दम फ़ूल गाया। वह खांसने लगा। भोजन की मांग करती उसकी अंतड़ियां पहले से ही नारे लगा रही थीं! मालिक को पेट-दर्द के रूप में धमकी भी मिल गई। मालिक हाथ आए लाभ के अवसर को भी गंवाना नहीं चाहता था, सो वह मैदान में उकड़ूं बैठ गया, पेट को दबाए।
                           मंत्री जी भाषण देने लगे,"भाइयो, हम जानते हैं कि यहां भयानक अकाल पड़ा हुआ है। यह सब हमारे विरोधियों के कारण हुआ है। आप हमारा हाथ मजबूत करें, हम आपका बराबर ख्याल रखेंगें। हमारे राज में इस गांव ने बहुत तरक्की की है। हमारी सरकार ने ग्रामीण नियोजन के अनेक कार्यक्रम सफ़लता पूर्वक चला रखे हैं। मैंने प्रखंड कार्यालय में आपके विकास की फ़ाइल देखी है, अकाल राहत की भी फ़ाइल देखी है……"

                             भाषण के दौरान ही तीन बसों में जानवरों की तरह लदे हुए स्त्री-पुरुष मजदूर स्कूल-मैदान की बगल वाली सड़क से असम की ओर बढ़ते हुए दिखे। शायद, यहां की सरकार ग्रामीण नियोजन का कार्यक्रम असम, पंजाब और दिल्ली में चला रही है!

                              मंत्री जी का लंबा भाषण समाप्त होने के बाद डोम टोली, चमर टोली, नीची टोली आदि के गरीबों को कतार से खड़ा कर दिया गया। मेरा मालिक भी कतार में खड़ा हो गया, लेकिन प्रखंड विकास पदाधिकारी के चपरासी ने उसे धकियाते हुए कतार से निकाल दिया। चीखता हुआ वह बोला,"अरे हरामखोर, देखता नहीं कि यह कतार गरीबी रेखा से नीचे वालों की है?"

                             मेरा मालिक गिड़गिड़ाते हुए बोला,"मालिक, मैं तो मौत की रेखा के नीचे हूं!"
मालिक की बात सुनकर मेरा रोम-रोम रो उठा, लेकिन चपरासी ने मेरे मालिक को चार-पांच भद्दी गालियां दे डालीं। मेरा मालिक चुप रह गया। प्रखंड के चपरासी के सामने मेरे ग्रामीण मालिक की क्या हस्ती थी?

                                मंत्री जी मंच के नीचे आए। गरीबी रेखा से नीचे वालों की कतार के सामने आकर मंत्री जी ने अनाज के पैकेट बांटने शुरू किए। कतार धीरे-धीरे छोटी होती चली गई। जब रनिया की बारी आई तो उसने मंत्री जी से कहा,"हमको दो पैकट दो, सरकार।"

                                मंत्री जी तो आगे बढ़ गए, पर एक पुलिस अधिकारी ने रनिया को डांटते हुए, कहा "यंहा तेरे बाप की कमाई बंट रही है क्या? एक व्यक्ति को एक ही पैकट मिलेगा, समझी!"


                                "साहब, मैं तो एक पैकट मंगरा के लिए मांग रही हूं। वह मंत्री जी के जाने के बाद हवालात से छूट कर आएगा। मेरे नाना ने दारोगाजी को बीस सेर चावल, चार मुर्गियां और छह पपीते भी पहुंचा दिए हैं।"

                                वह पुलिस अधिकारी रनिया को गालियां निकालता मंत्री जी की ओर भागा। इस प्रकार प्रखंड में अकाल राहत कार्य का उदघाटन कार्यक्रम संपन्न हो गया। अधिकारी, पुलिस और स्वयंसेवक अकाल पर्व मनाने लगे!

                                कुछ ही दिन पूर्व मेरा मालिक अपनी बूढ़ी को गांव में छोड़कर अपने बेटे, बेटियों और बहुओं के साथ मजदूरी करने असम चला गया। मेरा मालिक अपनी बूढी के लिए अन्न पानी की थोड़ी व्यवस्था कर गया था। सिर्फ पेट भर जाने से क्या होता है? मालिक के साथ उसने तीस बरस गुजारे थे। बूढ़ी दिन रात आंसू बहाती रहती। कभी- कभी उसे खाना खाया नहीं जाता या उससे एक-आध रोटी ज्यादा पक जाती तो वह मुझे भी रोटी खिलाती। वह हरदम मुझसे कुछ-कुछ बोलती रहती। मैं उसके साथ साए की तरह लगा रहता।

                                 एक रात गांव में जंगली हाथियों का झुंड घुस आया । गांव भर में कोहराम मच गया। हाथी झोपड़ियों को रौंद रहे थे। एक क्रोधित हाथी मेरे मालिक के घर की ओर भी बढ़ा। मैं झटपट उस हाथी का रास्ता रोक कर खड़ा हो गया।


                                 हाथी क्रोध में उबलता हुआ बोला,"अरे मूर्ख ,तुम जानवर होकर इन खुदगर्ज आदमियों की रक्षा करना चाहते हो? मुझे  ध्वस्त कर देने दे यह घर। मुझे इस घर से चावल और आटे की गंध आ रही है।"


                                 मैंने हाथी से प्रार्थना की,"देखो तुमको यह घर ध्वस्त कर क्या मिलेगा? और अगर मुट्ठी भर अनाज तुम्हें मिल भी जाए तो क्या तुम्हारा पेट भर जाएगा? इस घर में सिर्फ एक लाचार बूढ़ी रहती है, उस पर दया करो। तुम जंगल में वापस चले जाओ। तुम्हारे लिए 'आपरेशन एलीफेंट' कार्यक्रम के तहत सरकार कितना काम कर रही है। और सरकार आदमी ही बनाता है। तुम सरकार बनाने वाले आदमी का घर नहीं तोड़ सकते।"

                                  "अरे मूर्ख, हम आदमी से अनाज लूटने नहीं आए हैं। हम उन्हें सजा देकर बताना चाहते हैं कि वह जंगल का विनाश बंद कर दे । आदमी ही जंगल के फलों के वृक्ष , बंसवाड़ियां आदि काट ले गए। जंगल की सघनता खत्म हो गई, इसलिए अब यहां बादल भी पानी नहीं बरसाते। हम भूख और प्यास से पागल हुए जा रहे हैं और आदमी हाथियों के लिए क्या कार्यक्रम चलाएगा? कार्यक्रम के संचालकों का पेट तो मेरे पेट से भी बड़ा है। जंगल में अब हाथियों का  प्रेमालाप भी इन आदमियों ने समाप्त कर दिया है। जंगल में कई खानें खोद डालीं हैं। खानों के पास से हमेशा बारूद के विस्फोट की भयावह आवाज आती रहती है। अत: आदमी को सबक सिखना आवश्यक है। तुम मेरे रास्ते से ह्ट जाओ।"

                             मैं बोला, "मैं अपने जीते-जी अपने मालिक का घर तुमको ध्वस्त करने नहीं दूंगा।"


                             इतना कह कर मैं उछ्ल -उछल कर भौंकने लगा। उसकी सूंड पर कई जगह अपने दांत भी गड़ा दिए, लेकिन कहां हाथी और कहां मैं एक कुत्ता । उसने मुझे अपनी सूंड से पकड़ लिया। मुझे काफी ऊंचा उठा कर जमीन पर कस कर पटक दिया। हाथी ने मेरे मालिक का घर ध्वस्त कर दिया। पता नहीं बूढ़ी का क्या हुआ? और पता नहीं यह हाथी किस आदमी की बात कर रहा था? यहां के जंगली और गंवार आदमी तो कभी जंगल में जाते ही नहीं। जंगल में कोई आदमी कहां जाता है ? वहां तो वन विभाग के अधिकारी, लकड़ी, खनिज और पत्थर के व्यापारी ही आमतौर से जाते हैं! यह हाथी जरूर गलतफहमी का शिकार हो गया है।


                             खैर, अब मैं मौत की रेखा के नीचे हूं। अलविदा!